
JAMSHEDPUR NEWS: उपायुक्त राजीव रंजन ने दिए सख्त निर्देश, बोड़ाम, पटमदा और डुमरिया की सुस्त प्रगति पर जताई नाराजगी
पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में आपूर्ति विभाग की उच्चस्तरीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए जन वितरण प्रणाली (PDS) के तहत खाद्यान्न वितरण में ढिलाई बरतने वाले अफसरों को फटकार लगाई।


विशेष रूप से बोड़ाम (56.12%), पटमदा (50.09%) और डुमरिया (69.20%) प्रखंडों में राशन वितरण की बेहद धीमी गति पर गंभीर असंतोष व्यक्त किया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को अगले 5 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों तक खाद्यान्न पहुंचाना सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया है।
मुख्य निर्देश: “किसी भी योग्य लाभुक को राशन के लिए परेशान न होना पड़े। जन वितरण प्रणाली की नियमित मॉनिटरिंग कर ब्लॉक स्तर के अधिकारी अपनी जवाबदेही तय करें।”
अयोग्य कार्डधारियों के छंटेंगे नाम, चावल के साथ नमक, दाल और धोती-साड़ी का बैकलॉग होगा क्लियर
बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में राशन कार्डों का सत्यापन अभियान चलाकर अयोग्य राशनकार्डधारियों के नाम तत्काल प्रभाव से सूची से हटाए जाएं।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: टाटा स्टील रैकेट्स स्पोर्ट्स फेस्ट 2026 के दूसरे संस्करण का भव्य समापन, 365 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
इसके साथ ही, पात्र परिवारों को केवल चावल ही नहीं, बल्कि नमक, चना-दाल, धोती-साड़ी सहित अन्य सभी निर्धारित सामग्रियों का वितरण एक साथ सुनिश्चित किया जाए। वितरण प्रणाली में बकाया (बैक्लाग) को इसी सप्ताह समाप्त करने का सख्त फरमान जारी किया गया है।
गोदामों का होगा हर महीने भौतिक सत्यापन, PGMS और ERCMS पोर्टल की शिकायतों का तुरंत निपटारा
खाद्यान्न की कालाबाजारी और हेराफेरी रोकने के लिए उपायुक्त ने जिले के सभी पीडीएस गोदामों के हर माह भौतिक सत्यापन (Physical Verification) का निर्देश दिया है। डोर स्टेप डिलीवरी प्रणाली और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ भवन निर्माण विभाग को पेंडिंग गोदामों की मरम्मत का काम इसी महीने के अंत तक पूरा करने को कहा गया है।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: जमशेदपुर मैनेजमेंट एसोसिएशन की वार्षिक आम बैठक संपन्न, चैतन्य भानु ने प्रस्तुत किया लेखा-जोखा
पीजीएमएस (PGMS) पोर्टल और ERCMS पर जिला एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों के स्तर पर लंबित आवेदनों और शिकायतों को एक सप्ताह के अंदर निष्पादित करने का आदेश दिया गया है।
इस बैठक में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल जी आनंद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फीकार अंसारी, भवन निर्माण विभाग के अभियंता, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं विपणन पदाधिकारी उपस्थित थे।


