
देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित, सुगम और भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता जायजा लेने के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने खुद सड़कों पर उतरकर सघन निरीक्षण किया। उनके साथ प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


पैदल भ्रमण कर अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर के आसपास के इलाकों के अलावा शिवराम झा चौक, जालसार पार्क, तिवारी चौक, बीएड कॉलेज और बरमसिया चौक तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र में चल रहे विभिन्न नागरिक सुविधा और बुनियादी ढांचे से जुड़े विकास कार्यों की जमीनी हकीकत देखी। उपायुक्त ने स्पष्ट लहजे में कहा कि सभी निर्माण व रखरखाव कार्य तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
READ MORE..Deoghar News: देवघर जिला प्रशासन का कड़ा कदम, श्रावणी मेले में डबल डेकर वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध
कांवरियों के लिए सुगम कतार और रूटलाइन प्रबंधन पर जोर
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने कतार व्यवस्था (रूटलाइन) को दुरुस्त करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने बरमसिया चौक से सरकार भवन मोड़, बीएड कॉलेज से तिवारी चौक और शिवराम झा चौक तक की रूटलाइन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दूर-दराज से आने वाले कांवरियों को कतार में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। पीने के पानी, छाया और चिकित्सा सहायता का विशेष ध्यान रखने का आदेश दिया गया।
स्वच्छता और बिजली सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश
मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए चौबीसों घंटे सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा सुरक्षा के दृष्टिकोण से रूटलाइन में विद्युत व्यवस्था की गहन जांच करने को कहा गया। उपायुक्त ने खुले व संवेदनशील ट्रांसफार्मरों को तुरंत सुरक्षित रूप से कवर करने का निर्देश दिया ताकि किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना से बचा जा सके।
READ MORE..DEOGHAR NEWS: श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों का मंत्री सुदिव्य कुमार ने लिया जायजा, अफसरों को दिए सख्त निर्देश
इस निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी समेत संबंधित विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता उपस्थित थे।



