
जशेदपुर। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार गुरुवार को जिले के सभी प्रखंडों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में एक व्यापक और विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं एवं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सेवाओं की गुणवत्ता और उनकी प्रभावशीलता की जमीनी जांच करना था। अभियान के तहत नामित नोडल पदाधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न पंचायतों और शहरी क्षेत्रों के वार्डों का सघन दौरा किया। अफसरों ने मौके पर जाकर योजनाओं के क्रियान्वयन, सेवा वितरण व्यवस्था तथा लाभुकों को मिल रही सुविधाओं का सीधा स्थल निरीक्षण किया।
सरकारी संस्थानों की हुई गहन समीक्षा, कर्मियों में मचा हड़कंप
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने आंगनबाड़ी केंद्र, सरकारी विद्यालय, स्वास्थ्य उपकेंद्र, प्रज्ञा केंद्र, जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानें, मनरेगा कार्यस्थल तथा पंचायत भवनों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से ब्लॉक और पंचायत स्तर के कर्मियों में हड़कंप मचा रहा।
ग्रामीणों से सीधा संवाद, जानी धरातल की हकीकत
जांच के क्रम में नोडल पदाधिकारियों ने न केवल फाइलों को देखा, बल्कि संबंधित कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों एवं लाभुकों से सीधा संवाद स्थापित किया। प्रशासन ने सीधे जनता से फीडबैक लेकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन किया। इस निरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य योजनाओं की जमीनी प्रगति का मूल्यांकन करना और सेवा वितरण में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
हर गुरुवार को चलेगा अभियान, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन द्वारा अब प्रत्येक गुरुवार को यह विशेष अभ्यास नियमित रूप से किया जाता है। उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी जांच पदाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण के दौरान चिन्हित की गई कमियों एवं समस्याओं के समाधान हेतु त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता, प्रभावशीलता एवं सुगम तरीके से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।



