
आदित्यपुर।
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं दिलाने और स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान को लेकर डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान अंकुर सिंह ने आदित्यपुर में गहराते पेयजल संकट, जर्जर सीवरेज व्यवस्था, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और स्वच्छता प्रबंधन सहित निकाय क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आवश्यक वित्तीय फंड की उपलब्धता जैसे कई गंभीर और जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
जिंदल एजेंसी की लापरवाही पर अंकुर सिंह ने उठाए सवाल
मुख्यमंत्री के साथ हुई इस विशेष मुलाकात के दौरान डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या यानी जलापूर्ति योजना की विफलता से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आदित्यपुर में जलापूर्ति योजना का कार्य कर रही एजेंसी ‘जिंदल’ की घोर लापरवाही के कारण स्थानीय जनता पिछले कई वर्षों से पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रही है और भीषण पेयजल संकट झेलने को मजबूर है।
अंकुर सिंह ने मुख्यमंत्री को स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण योजना का कार्य निर्धारित 30 महीने की अवधि के भीतर पूरा किया जाना तय था, लेकिन लगभग छह वर्ष का लंबा समय बीत जाने के बाद भी जिंदल एजेंसी द्वारा कार्य को अधूरा छोड़ दिया गया है। कंपनी की इस ढुलमुल नीति और लापरवाही का सीधा खामियाजा आदित्यपुर के आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिया सकारात्मक समाधान का आश्वासन
पेयजल समस्या के अलावा डिप्टी मेयर ने क्षेत्र की सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने, मुख्य मार्गों और मोहल्लों में महीनों से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तुरंत दुरुस्त करने तथा नगर निगम के कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए आवश्यक तकनीकी संसाधन व फंड उपलब्ध कराने का पुरजोर आग्रह किया। इन सभी विषयों को गंभीरता से सुनने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक पहल करने और विभाग के माध्यम से जल्द से जल्द उचित समाधान निकालने का पूरा भरोसा दिया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों ने पकड़ी रफ्तार, सड़क और नाली निर्माण के लिए ई-टेंडर जारी
नगर विकास मंत्री सुदिप्त कुमार सोनू और अधिकारियों से भी मंथन
मुख्यमंत्री से मुलाकात संपन्न होने के तुरंत बाद डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने इस अभियान के तहत रांची में नगर विकास सह आवास, खेल, कला एवं पर्यटन मंत्री सुदिप्त कुमार सोनू से भी मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने आवास बोर्ड सह सूडा (SUDA) निदेशक सूरज कुमार एवं नगर विकास विभाग के सचिव सुनील कुमार से मिलकर आदित्यपुर नगर निगम के विकास कार्यों की फाइलों को गति देने पर महत्वपूर्ण नीतिगत चर्चा की।
मुलाकात के बाद अंकुर सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अब हमारा लक्ष्य पूरी तरह से साफ है। किसी भी परिस्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आदित्यपुर की जनता को बेहतर पेयजल, स्वच्छता और बेहतर बुनियादी नागरिक सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएंगी।



