
जमशेदपुर .
मानगो वन विभाग सभागार में वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग झारखंड सरकार, वन प्रमंडल विभाग जमशेदपुर और गीता थिएटर के संयुक्त तत्वावधान में 10 दिवसीय निःशुल्क समर कैंप 2026 का शानदार संचालन हो रहा है। 15 मई 2026 से शुरू हुआ यह समर कैंप 25 मई 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 03 से शाम 06 बजे तक चलेगा। इस कैंप में लगभग 130 सरकारी स्कूलों और 79 प्राइवेट स्कूलों के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं। इस शिविर का उद्घाटन जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और समाज सेविका पूर्वी घोष द्वारा किया गया था।
गणित के खेल से लेकर आपातकालीन बचाव का मिला प्रशिक्षण
समर कैंप के शुरुआती दिनों में बच्चों को कई महत्वपूर्ण विधाओं से परिचित कराया गया। दूसरे दिन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गणित विशेषज्ञ दुर्गा राव ने बच्चों को खेल-खेल में गणित के कठिन प्रश्नों को चुटकियों में हल करने की तकनीक सिखाई।
तीसरे दिन नागरिक सुरक्षा जमशेदपुर के प्रशिक्षक मजहरुल बारी ने आपातकालीन बचाव विधि (Emergency Rescue Techniques) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया, जिसमें बच्चों को आपदा या दुर्घटना की स्थिति में सूझबूझ से काम लेने और मॉक ड्रिल के गुर सिखाए गए। चौथे दिन प्रख्यात रंगकर्मी अमित दास ने नाट्य कार्यशाला के माध्यम से बच्चों को थिएटर की बुनियादी विधाओं, संवाद अदायगी (Diction) और बॉडी लैंग्वेज की बारीकियां सिखाईं।
स्वास्थ्य संवाद, डांस कोरियोग्राफी और नेहरू युवा केंद्र की सहभागिता
पांचवें दिन स्त्री रोग विशेषज्ञ मेघा ने उपस्थित बालिकाओं से स्वास्थ्य व स्वच्छता से जुड़े विषयों पर सीधा संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। छठे दिन राम नृत्य स्टूडियो के संचालक राम संडील ने बच्चों को ‘देश रंगीला’ और ‘बम बम भोले’ गानों पर डांस कोरियोग्राफी सिखाई, जिसकी प्रस्तुति समापन समारोह में होगी।
सातवें दिन नेहरू युवा केंद्र संगठन (My Bharat) पूर्वी सिंहभूम के जिला युवा अधिकारी मोंटू पात्रा विशेष आमंत्रण पर पहुंचे। उन्होंने युवाओं से खेलकूद और युवा कार्यक्रमों पर चर्चा की और गीता थिएटर व वन विभाग के इस प्रयास की सराहना की।
READ MORE :GORAKHPUR Train News: रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर, 8 जून तक कई ट्रेनें निरस्त और रूट डायवर्ट, देखें पूरी लिस्ट
26 मई को दलमा में ट्रेकिंग और आत्मरक्षा के गुर
धालभूम वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) शबा आलम अंसारी ने बताया कि इस कैंप का उद्देश्य कला और शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और प्रकृति के महत्व के प्रति जागरूक करना है। इसके लिए वन विभाग के सहयोग से बच्चों को 26 मई को दलमा में ट्रेकिंग करवाई जाएगी।
वहीं गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी ने बताया कि इस बार कैंप में मार्शल आर्ट्स, गुड टच-बैड टच, एआई (AI) नॉलेज, नशापान, अंधविश्वास और बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता जैसी नई गतिविधियों को जोड़ा गया है। इसके लिए सरायकेला-खरसावां, रांची, कोलकाता और ओडिशा से विशेष प्रशिक्षक बुलाए गए हैं, जिनका खर्च जमशेदपुर वन विभाग उठा रहा है।



