
नई दिल्ली/जमशेदपुर: जमशेदपुर के सांसद विद्युत बरण महतो ने नई दिल्ली में केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात कर धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना और चाकुलिया क्षेत्र के हाथी कॉरिडोर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने एक ज्ञापन सौंपकर इस बहुप्रतीक्षित एयरपोर्ट की महत्ता एवं तत्काल आवश्यकता से अवगत कराया।
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट एनओसी और दस्तावेज़ प्रक्रिया
सांसद श्री महतो ने बताया कि कुछ दस्तावेजों की कमी के कारण इस प्रस्ताव को पूर्व में राज्य सरकार को वापस भेजा गया था। लगभग ग्यारह माह बीत जाने के बावजूद राज्य सरकार द्वारा अब तक संबंधित दस्तावेज केंद्र को उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। हाल ही में उन्होंने डीएफओ और पीसीसीएफ से भी इस संबंध में बातचीत की है।
सांसद ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि यदि इस बार प्रस्ताव में किसी तरह की कमी पाई जाती है, तो उसे वापस भेजने के बजाय सीधे राज्य सरकार से संबंधित जानकारी या दस्तावेज मंगा लिए जाएं, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने अपनी सहमति जताई। केंद्रीय वन महानिदेशक सुशील अवस्थी ने भी आश्वासन दिया कि झारखंड के पीसीसीएफ ए.टी. मिश्रा द्वारा आवश्यक दस्तावेज मिलते ही मंत्रालय द्वारा एनओसी (NOC) की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाएगा।

