
तमाड़/रांची: झारखंड में ‘आर्टिस्ट विलेज’ के नाम से विख्यात तमाड़ के चिरुडीह गांव में खेल, कला और सामाजिक सरोकार का अनूठा संगम देखने को मिला। झारखंड आंदोलनकारी स्वर्गीय अश्विनी महतो की स्मृति में आयोजित भव्य ‘कला एवं खेल महोत्सव’ के मुख्य आकर्षण— मिक्स जेंडर क्रिकेट सीरीज में सीता सोहराय एकादश ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। पांच-पांच ओवर के तीन मैचों की इस रोमांचक श्रृंखला में सीता सोहराय एकादश ने काजल आर्टिस्ट एकादश को 2-0 से पराजित कर चमचमाती ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमा लिया।

बेटियों और बेटों ने पिच पर दिखाया संयुक्त दम, सीता कुमारी बनीं ‘हीरो’
चिरुडीह गांव के सोहराय, छऊ और भित्ति चित्र कलाकारों से सजी दोनों टीमों के बीच गजब की प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इस अनूठे प्रारूप में महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने एक ही टीम में कंधे से कंधा मिलाकर खेला। पहले दो मुकाबलों में सीता सोहराय एकादश ने बेहतरीन रणनीति के साथ लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की, जबकि तीसरा मैच टाई (बराबरी) पर छूटा। पूरे टूर्नामेंट में गेंद और बल्ले से गजब का ऑलराउंडर प्रदर्शन करने वालीं सीता कुमारी को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।
कैनवस पर उतरी सोहराय कला, 15 मेधावी छात्र हुए सम्मानित
महोत्सव का दायरा सिर्फ क्रिकेट मैदान तक सीमित नहीं रहा। नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़े रखने के लिए बच्चों के बीच ‘सोहराय पेंटिंग प्रतियोगिता’ कराई गई। इसके साथ ही शिक्षा को प्रोत्साहित करते हुए मरधान पंचायत के विभिन्न गांवों से मैट्रिक परीक्षा में 70 फीसदी या उससे अधिक अंक लाने वाले 15 होनहार बच्चों को सम्मानित किया गया। समारोह में एक नई पहल के तहत बच्चों की परवरिश में बेहतरीन भूमिका निभाने वाले माता-पिताओं को ‘बेहतर पैरेंटिंग अवार्ड’ से भी नवाजा गया।
READ MORE:JAMSHEDPUR NEWS : “आंसुओं से नहीं, रक्तदान से देंगे पिता को सच्ची श्रद्धांजलि: स्व. के.के. सिंह की स्मृति में कल लगेगा विशाल रक्तदान शिविर”
‘उत्सवों से ही आता है स्थायी सामाजिक बदलाव’
आयोजन में मौजूद अतिथियों ने कहा कि जब समाज के पारंपरिक त्योहारों में लैंगिक समानता (Gender Equality) और शिक्षा जैसे मूल्य शामिल होते हैं, तभी वैचारिक बदलाव की नींव मजबूत होती है। विजेताओं को चक्रधरपुर की ‘रोलिंग स्टोन एकेडमी’ द्वारा ट्रॉफियां प्रदान की गईं। इस मौके पर तमाड़ विधायक प्रतिनिधि हृषिकेश महतो, सोहराय कलाकार मनीष महतो, शिक्षाविद् आकाश महतो और ‘निश्चय फाउंडेशन’ के संस्थापक तरुण कुमार सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। (क्रिकेट प्रेमी इस मैच का डिजिटल स्कोरकार्ड https://chshare.link/scorecard/fulb0C पर देख सकते हैं)।



