जमशेदपुर: शहर में सावन के महीने की रौनक और महिलाओं के उत्साह का एक शानदार संगम देखने को मिला। स्थानीय सामाजिक संस्था ‘आवाज़-ए-मंच’ द्वारा आयोजित “सावन क्वीन 2026” कार्यक्रम हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन में शहर की बड़ी संख्या में महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी छिपी हुई प्रतिभा का मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को मनोरंजक और आकर्षक बनाने के लिए कई तरह की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रखी गई थीं। महिलाओं ने रैंप वॉक, मनमोहक नृत्य, सुरीले गीत, म्यूजिकल चेयर और कई तरह के मज़ेदार गेम्स में हिस्सा लिया।
प्रतिभागियों के आत्मविश्वास और उनकी कला ने वहां उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया। इस भव्य आयोजन में मुख्य रूप से मीना राव, पूनम रे, रिंकी, सुष्मिता, बीना, मेनाक्षी, प्रीति कुमारी, रेनू शर्मा, गोपा, मधु चंदा, पुरबी चटर्जी, चयानिका, मौसमी चटर्जी, सम्पा बनर्जी, अंजना देब रॉय, पोम्पा गांगुली और बबली जाना ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजन को सफल बनाया।
प्रतिभाओं को मंच देना हमारा मुख्य उद्देश्य: काकोली सरकार
कार्यक्रम के अंत में, आवाज़-ए-मंच की संस्थापक काकोली सरकार ने सभी कलाकारों और प्रतिभागियों को उनके उत्साह और सहभागिता के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए संस्थापिका काकोली सरकार ने कहा, “आवाज़-ए-मंच का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच प्रदान करना है, ताकि वे आगे बढ़ सकें। सावन क्वीन जैसे कार्यक्रम महिलाओं को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं और आपसी जुड़ाव को मजबूत करते हैं।”
उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी संस्था की ओर से कलाकारों को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे ही नए अवसर और कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों ने इस सफल आयोजन की जमकर सराहना की।