
जमशेदपुर.


गोस्वामी तुलसीदास जयंती के शुभ अवसर पर ‘निनाद’ संस्था की ओर से उत्क्रमित उच्च विद्यालय लक्ष्मीनगर में ‘नन्हें स्वर’ (अगस्त माह) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रिया कुमारी सिंह, निनाद की संस्थापक सुश्री पूनम महानन्द और प्रतियोगिता के निर्णायक सह वरिष्ठ साहित्यकार व गायक राजेंद्र शाह राज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की.
विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
प्रधानाचार्या के स्वागत भाषण के बाद प्रतियोगिता का आगाज हुआ. इसमें विद्यालय के पंद्रह छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुतियाँ दीं. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर उनके प्रयास का सम्मान किया गया.
आयोजन के दौरान टीम निनाद की सदस्य क्षमाश्री, आकांक्षा और हृदयांश राज ने गोस्वामी तुलसीदास जी के जीवन व साहित्य पर अपने विचार रखे. उन्होंने बच्चों को साहित्य से जुड़ने और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया. इसके अलावा ‘द डार्क वॉइस’ (चंद्रमोहन सोरेन) की शानदार बीटबॉक्सिंग प्रस्तुति ने बच्चों का दिल जीत लिया. टीम निनाद की ओर से दिव्या और अतुल ने भी सक्रिय भूमिका निभाई.
प्रतिभा तराशने की निरंतर श्रृंखला
गौरतलब है कि ‘नन्हें स्वर’ अभियान की पहली कड़ी 21 जुलाई को सी.पी. समिति स्कूल से प्रेमचंद जयंती विशेष के रूप में शुरू हुई थी. इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अगस्त महीने में तुलसीदास जयंती पर यह दूसरा आयोजन किया गया. इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में साहित्य, कला और अभिव्यक्ति की रुचि जगाने के साथ उन्हें एक बेहतर मंच प्रदान करना है. यह पहल नई पीढ़ी को हिंदी साहित्य और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास है.
प्रतियोगिता के परिणाम
प्रथम स्थान: जानह्वी चंद
द्वितीय स्थान: बिक्की कुमार
तृतीय स्थान: अमृत राज शर्मा




