जमशेदपुर में होगा पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां का अंतिम संस्कार, स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर दी जाएगी अंतिम विदाई
जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की माता का निधन हो गया है। उनके निधन की जानकारी अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर भावुक संदेश साझा कर दी। मां के निधन की खबर से जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र में शोक की लहर है। अर्जुन मुंडा के समर्थकों और शुभचिंतकों में भी दुख का माहौल है।
अर्जुन मुंडा ने अपनी मां के निधन पर भावुक संदेश लिखते हुए कहा, “मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का वो सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।”
जमशेदपुर में आज होगा अर्जुन मुंडा की मां का अंतिम संस्कार
अर्जुन मुंडा की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, उनकी पूज्य माताजी का अंतिम संस्कार आज ही किया जाएगा। अंतिम यात्रा दोपहर एक बजे जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित आवास से निकलेगी। इसके बाद पार्थिव शरीर को स्वर्णरेखा बर्निंग घाट ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार संपन्न होगा।
अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार का समय व स्थान
- अंतिम यात्रा : दोपहर 1 बजे
- प्रस्थान स्थल : घोड़ाबांधा स्थित आवास, जमशेदपुर
- अंतिम संस्कार स्थल : स्वर्णरेखा बर्निंग घाट, जमशेदपुर
माता के निधन से अर्जुन मुंडा के परिवार में शोक का माहौल है। उनके समर्थक और शुभचिंतक शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।


