
झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी और लू (Heat Wave) के प्रकोप को देखते हुए प्रशासनिक अमला पूरी तरह रेस हो गया है। माननीय मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से मिले दिशा-निर्देशों के बाद जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के सभी विभागों और कार्यालय प्रधानों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण और आवश्यक निर्देश जारी किया है। उपायुक्त ने साफ तौर पर कहा है कि इस तपती गर्मी में आम नागरिकों को पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए सभी स्तरों पर पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
सभी सरकारी और सार्वजनिक स्थलों पर सुनिश्चित होगी पेयजल व्यवस्था
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: Medical Board for Silicosis Victims Rescheduled to May 28 at MGM Hospital
उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक, जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, आवासीय परिसरों, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, प्रमुख चौराहों और आम नागरिकों के अत्यधिक आवागमन वाले स्थानों पर शुद्ध और ठंडे पेयजल की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गर्मी के मौसम में राहगीरों और आम जनता को लू के थपेड़ों के बीच आसानी से पानी मिल सके।
खराब चापाकल और जलमीनार तुरंत होंगे दुरुस्त
ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए उपायुक्त ने विशेष रणनीति बनाई है। उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा नगर निकायों के पदाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र के सभी चापाकलों (Handpumps) और जलमीनारों (Water Towers) की आवश्यक मरम्मत तुरंत कराई जाए। जो भी पेयजल स्रोत खराब पड़े हैं, उन्हें बिना किसी देरी के अविलंब दुरुस्त करने को कहा गया है ताकि ग्रामीण और शहरी इलाकों में जल संकट की स्थिति पैदा न हो।
टैंकरों से होगी जलापूर्ति और मांगी गई फोटोग्राफ
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन या चापाकल की समस्या है, वहाँ आवश्यकतानुसार पानी के टैंकरों के माध्यम से नियमित रूप से पेयजलापूर्ति की जाएगी। इसके अलावा, पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यालय प्रधानों को अपने-अपने कार्यालय और आवासीय भवनों में की गई पेयजल व्यवस्था की फोटोग्राफ जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है। संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों की नियमित निगरानी (Monitoring) करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


