
जमशेदपुर: निक्को जुबली पार्क के कर्मचारियों के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 का वार्षिक बोनस समझौता संपन्न हो गया है। निक्को जुबली पार्क प्रबंधन और निक्को जुबली पार्क वर्कर्स यूनियन के बीच हुए समझौते के तहत सभी कर्मचारियों को लगभग ₹31,500 बोनस दिए जाएंगे।बोनस समझौते पर प्रबंधन और यूनियन के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए। समझौते के बाद कर्मचारियों में खुशी का माहौल रहा।
READ MORE :Jamshedpur News :MTMH कर्मचारियों को 19% बोनस, अधिकतम 1,00,306 रुपये, 9 अक्टूबर को होगा भुगतान
प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों ने किए हस्ताक्षर
प्रबंधन की ओर से डायरेक्टर इंचार्ज राहुल मित्रा, डायरेक्टर सुब्रा दास मुखर्जी और असिस्टेंट मैनेजर इंचार्ज अंकित भारद्वाज ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
वहीं, यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडे, सह-अध्यक्ष बीके डिंडा, वाइस प्रेसिडेंट ददन सिंह, जनरल सेक्रेटरी परवीन पातर तथा कमेटी मेंबर केएस सैंडल, पुरंदर मोहंती और संतोष जैन ने हस्ताक्षर किए।
पार्क के विकास पर भी हुई चर्चा
बोनस समझौते के दौरान यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने निक्को जुबली पार्क के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि यह जमशेदपुर शहर और आसपास के लोगों, कर्मचारियों के परिवारों तथा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए मनोरंजन का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील के उच्च प्रबंधन के संरक्षण में संचालित पार्क को भविष्य में और विकसित करने की जरूरत है।
राकेश्वर पांडे ने डायरेक्टर इंचार्ज राहुल मित्रा से पार्क के भविष्य के विकास की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: टिस्को अप्रेंटिस 77 बैच की दोस्ती के 49 साल पूरे, 50वें वर्ष में प्रवेश का जुबली पार्क में हुआ शुभारंभ
चीन से आएंगे दो नए मनोरंजन इवेंट
राहुल मित्रा ने बताया कि इस वर्ष चीन से दो नए मनोरंजन इवेंट मंगाकर पार्क में लगाए जाने की योजना है। इन नए इवेंट के शुरू होने से बच्चों सहित अन्य आगंतुकों को मनोरंजन के अतिरिक्त विकल्प मिल सकेंगे।
यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने अच्छे वार्षिक बोनस समझौते के लिए पार्क प्रबंधन का आभार जताया। वहीं, निक्को जुबली पार्क के कर्मचारियों ने बोनस समझौते पर खुशी जाहिर करते हुए यूनियन अध्यक्ष का स्वागत किया।
राकेश्वर पांडे ने उम्मीद जताई कि पार्क के विकास के साथ कर्मचारियों का भी विकास होगा और जमशेदपुर तथा आसपास के लोगों को भविष्य में बेहतर मनोरंजन सुविधाएं मिलेंगी।

