
जमशेदपुर. दुर्गा पूजा से पहले मेहरबाई टाटा मेमोरियल अस्पताल (MTMH) के कर्मचारियों को बोनस का तोहफा मिला है. अस्पताल प्रबंधन और MTMH एम्प्लाइज यूनियन के बीच वार्षिक बोनस को लेकर समझौता हुआ है. इसके तहत कर्मचारियों को बेसिक और डीए के योग का 19 प्रतिशत बोनस मिलेगा. बोनस की राशि का भुगतान नौ अक्तूबर को किया जायेगा.
समझौते के अनुसार इस वर्ष कर्मचारियों को न्यूनतम 63,282 रुपये और अधिकतम 1,00,306 रुपये बोनस मिलेगा. त्योहार से पहले बोनस मिलने से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है. इससे उन्हें दुर्गा पूजा की खरीदारी और अन्य जरूरी खर्चों में आर्थिक मदद मिलेगी.
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: टिनप्लेट रिक्रिएशन एसोसिएशन कर्मचारियों को 20% बोनस, न्यूनतम 41,318 और अधिकतम 50,506 रुपये मिलेंगे
सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ समझौता
वार्षिक बोनस समझौते पर प्रबंधन और यूनियन के प्रतिनिधियों ने सौहार्दपूर्ण माहौल में हस्ताक्षर किये. प्रबंधन की ओर से बोर्ड मेंबर डॉ विनीता सिंह, MTMH के निदेशक डॉ देब संजय नाग और मानद सचिव अमित कुमार सिंह ने समझौते पर हस्ताक्षर किये.
वहीं, यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महासचिव बीके डिंडा, उपाध्यक्ष मोहम्मद वाहिद और सहायक सचिव आसिफ इमरान ने समझौते पर हस्ताक्षर किये.
यूनियन ने जताया आभार
MTMH एम्प्लाइज यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने बोनस समझौते के लिए अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि त्योहार से पहले बोनस मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी. उन्होंने अस्पताल के सभी कर्मचारियों को दुर्गा पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं.
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :टाटा स्टील डाउन स्ट्रीम लिमिटेड का वार्षिक बोनस समझौता संपन्न, कर्मचारियों को अधिकतम ₹1,02,185 बोनस
एक नजर में
बोनस दर : बेसिक + डीए का 19 प्रतिशत
अधिकतम बोनस : 1,00,306 रुपये
न्यूनतम बोनस : 63,282 रुपये
भुगतान की तारीख : 9 अक्तूबर 2026

