
जमशेदपुर।
त्योहारों का मौसम सामाजिक सौहार्द और खुशी बांटने का समय होता है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक संस्था आग़ाज़ ने इस दिवाली जरूरतमंद बच्चों के बीच खुशियाँ बांटीं। संस्था द्वारा बर्मामाइंस स्थित हरिजन बस्ती में बच्चों को दिवाली किट (जिसमें मोमबत्ती, झुरझुरी, खोई और टूथब्रश शामिल थे) वितरित की गई।


इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में युवा उद्यमी सह समाजसेवी दमनप्रीत सिंह उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि आग़ाज़ संस्था का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक त्योहार की खुशियाँ पहुंचाना है।
“हमारा छोटा सा प्रयास है कि कोई भी बच्चा दिवाली की खुशी से वंचित न रहे। हर घर में रोशनी जले और हर चेहरे पर मुस्कान हो, यही हमारी सच्ची दिवाली होगी,”
ऐसा कहना था दमनप्रीत सिंह का।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह ने कहा कि आग़ाज़ हमेशा समाज के जरूरतमंद वर्गों के बीच काम करने के लिए प्रतिबद्ध रही है। त्योहारों के अवसर पर संस्था हर साल किसी न किसी समुदाय तक पहुंचकर खुशी बांटती है।
इस मौके पर शिक्षक सुमित मिश्रा, सिख नौजवान सभा सरजमदा के प्रधान जगप्रीत सिंह, निखिल चंद्र महतो, बस्ती के मुखिया सुरेश मुखी, शंकर मुखी, शशि देवी, शांति देवी, रीना मुखी और गायत्री देवी भी मौजूद थे। सभी ने मिलकर बच्चों को दिवाली किट दी और उनके साथ उत्सव मनाया।
बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह का उपहार पहली बार मिला है। दिवाली किट पाकर बच्चों ने ‘आग़ाज़’ संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान बस्ती के लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसी गतिविधियाँ समाज में एकता, प्रेम और सहयोग की भावना को बढ़ावा देती हैं। संस्था के सदस्यों ने बताया कि आगे भी वे इसी तरह के सामाजिक कार्य करते रहेंगे ताकि समाज में जरूरतमंदों तक खुशी और सहायता पहुंचती रहे।
आग़ाज़ संस्था ने इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया कि दिवाली सिर्फ रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि इंसानियत और साझी खुशियों का पर्व है।


