
जमशेदपुर: जन विकास मंच के प्रमुख एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने मानगो क्षेत्र की भविष्य की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार, जिला प्रशासन और टाटा स्टील यूआईएसएल (Tata Steel UISL) से एक समन्वित पहल करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ आपदा प्रबंधन और जन सुरक्षा को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है।

30 वर्ष पुराने अग्निकांड का दिया हवाला
सौरभ विष्णु ने याद दिलाया कि लगभग 30 वर्ष पूर्व मानगो बाजार में एक भीषण आग लगी थी, जिससे सैकड़ों व्यापारियों को भारी आर्थिक क्षति हुई थी। उस दर्दनाक घटना के बाद तत्कालीन उपायुक्त गोरेलाल यादव के नेतृत्व में प्रभावित दुकानदारों को पक्के निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया गया था, जिससे बाजार को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सका। आज मानगो शहर का सबसे घनी आबादी वाला और तेजी से विकसित होने वाला क्षेत्र बन चुका है, जिससे यहाँ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होना अनिवार्य है।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: रेड क्रॉस सोसाइटी की बड़ी पहल, रक्तदान शिविर और ग्रामीण स्वास्थ्य कैंप का आयोजन
60 करोड़ की जलापूर्ति योजना और ओवरब्रिज का निर्माण
वर्तमान में मानगो में नया ओवरब्रिज निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है। इसके साथ ही, लगभग 40 वर्ष पुरानी जलापूर्ति पाइपलाइन को बदलकर नई लाइन बिछाने की योजना पर कार्य सुभाष नगर से लेकर मानगो ब्रिज तक किया जाना है। इस नई पाइपलाइन को बिछाने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगभग 60 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। विष्णु के अनुसार, यह जनता का पैसा है और इस पैसे से होने वाले विकास कार्य के दौरान ही मानगो की भविष्य की अग्रिम सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने का यह सबसे सही वक्त है।
पिलरों के पास उच्च क्षमता वाले फायर हाइड्रेंट की मांग
सौरभ विष्णु ने सुझाव दिया कि नई जलापूर्ति व्यवस्था के तहत ओवरब्रिज के प्रत्येक पिलर के समीप उच्च क्षमता वाले फायर हाइड्रेंट (Fire Hydrants) स्थापित किए जाएं। इसके साथ ही प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों के निकट आपातकालीन जल स्रोत विकसित किए जाएं। ऐसा करने से किसी भी आपातकालीन आगजनी की घटना के दौरान अग्निशमन विभाग (Fire Department) को तत्काल पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे राहत कार्य में महत्वपूर्ण समय की बचत होगी और दिल्ली जैसी बड़ी आगजनी की अनहोनी से मानगो को सुरक्षित रखा जा सकेगा।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर सिदगोड़ा टाउन हॉल में BLO का महाप्रशिक्षण, उपायुक्त ने दिए कड़े निर्देश
वर्तमान उपायुक्त राजीव रंजन को लिखा पत्र
इस संबंध में टाटा स्टील यूआईएसएल को पहले ही पत्र सौंपा जा चुका है। इसके पूर्व, उपायुक्त अनन्य मित्तल एवं कर्ण सत्यार्थी को भी पत्र देकर इस विषय पर ध्यान आकृष्ट कराया गया था, जिन्होंने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को गति देने के लिए सौरभ विष्णु ने अब वर्तमान उपायुक्त राजीव रंजन को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने झारखंड में अब तक ‘अग्निशमन विधेयक’ के पास न होने और ठंडे बस्ते में पड़े होने पर भी गहरी चिंता व्यक्त की।


