
जमशेदपुर में इस समय मरीजों को रक्त की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। इस संकट को दूर करने के लिए भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम एक बड़ी मुहिम शुरू करने जा रही है। संस्था द्वारा टाटा स्टील समूह की कंपनी ‘हिमालया स्टील मिल सर्विसेज प्रा. लि.’ के सहयोग से रेड क्रॉस भवन में 8 जून को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।

युवाओं से रक्तदान की अपील, 300 यूनिट का लक्ष्य
गर्मियों के मौसम में अस्पतालों में खून की कमी को देखते हुए यह शिविर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेड क्रॉस का लक्ष्य इस शिविर से 200 से 300 यूनिट रक्त संग्रह करने का है, जिससे आने वाले पूरे हफ्ते की जरूरत को आसानी से पूरा किया जा सके।
अस्पतालों में बेड पर पड़े सैकड़ों मरीजों के ऑपरेशन और ब्लड ट्रांसफ्यूजन के लिए यह रक्त जीवनदायिनी साबित होगा। रेड क्रॉस ने शहर के युवाओं और नियमित रक्तदाताओं से अपील की है कि वे मानवता की पुकार सुनें और आगे आकर रक्तदान करें।
READ MORE..RANCHI NEWS: चम्पाई सोरेन का बड़ा ऐलान, रिम्स-2 निर्माण के खिलाफ नगड़ी में फूटेगा जन आंदोलन का ज्वालामुखी
तुरामडीह ए.के.एस. क्लब में लगेगा स्वास्थ्य शिविर
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) के सहयोग से 9 जून को तुरामडीह स्थित ए.के.एस. क्लब में ग्रामीण स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर लगाया जाएगा। रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने ग्रामीणों से इस कैंप का लाभ उठाने और गर्मी के मौसम में स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की अपील की है।
आधार कार्ड न होने पर भी चांदमनी सबर का होगा इलाज
घाटशिला प्रखंड के बड़ाकुर्शी पंचायत स्थित दारीसाई की रहने वाली 9 वर्षीय बच्ची चांदमनी सबर के कांख में गंभीर फोड़ा है। समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी मिली कि [Aadhaar Redacted] के अभाव में अस्पताल में उसका इलाज नहीं हो पा रहा था।
मामले का संज्ञान लेते हुए पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सह रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष के निर्देश पर रेड क्रॉस की टीम रविवार को घाटशिला जाएगी। विजय कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची का पूरा इलाज कराया जाएगा। इसके साथ ही विलुप्त होती सबर जनजाति की बस्ती में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों को मुफ्त दवा और चिकित्सीय परामर्श दिया जाएगा।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS :विश्व पर्यावरण दिवस पर अनूठी पहल: डी.बी.एम.एस. कॉलेज के विद्यार्थियों ने किताबों से दूर, खेत-खलिहानों में जानी पर्यावरण की हकीकत
14 जून को रक्तदाता सम्मान समारोह
मानवता की सेवा की इस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा आगामी 14 जून को रेड क्रॉस भवन में एक भव्य ‘रक्तदाता सम्मान समारोह’ का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें निस्वार्थ भाव से खून डोनेट करने वाले हीरोज को सम्मानित किया जाएगा।


