
बच्चों के आंतरिक विकास और मानसिक मजबूती पर जोर
जमशेदपुर.
केरला पब्लिक स्कूल (केपीएस) कदमा में चार दिवसीय 26वें ‘लेट्स मेक अ डिफरेंस’ (एलएमएडी) युवा सम्मेलन का समापन हुआ. इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक मजबूती देने के साथ उनमें ईमानदारी, प्रेम, पवित्रता और नि:स्वार्थ भाव जैसे जीवन मूल्यों को विकसित करना था.
READ MORE :Jamshedpur news:लेट्स मेक ए डिफरेंस’ का 26वां जमशेदपुर यूथ कॉन्फ्रेंस: तीसरे दिन रिश्तों और आत्मचिंतन पर हुआ मंथन
विद्यार्थियों ने किया जीवन के लक्ष्यों पर विचार, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
सम्मेलन के अंतिम दिन की शुरुआत सर्वधर्म प्रार्थना और मौन सत्र से हुई. इसके बाद सुबह के ‘क्वाइट टाइम’ सत्र में अहंकार के प्रभाव पर चर्चा की गई. विद्यार्थियों ने ‘पावर ऑफ विजन’ गतिविधि के जरिए अपने जीवन के लक्ष्यों पर विचार किया और ‘द प्लेज’ के तहत पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया. सम्मेलन निदेशक विरल मजूमदार के साथ प्रश्नोत्तर सत्र के बाद बच्चों ने ‘स्वयं को पत्र’ लिखकर अपने संकल्प दर्ज किए. इसके अलावा अभिभावकों के साथ भी संवाद कर बच्चों को समझने और घर में बेहतर माहौल देने पर चर्चा हुई.
कॉफी टेबल बुक का विमोचन
समापन समारोह में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर विजया भारत और मनोचिकित्सक मनोज साहू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. इस मौके पर एलएमएडी की 25 वर्षों की यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक “द जर्नी विदिन, द मूवमेंट बियॉन्ड” का विमोचन किया गया. इसमें तस्वीरों और अनुभवों के जरिए आंदोलन के सफर को दर्शाया गया है.
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :26वां LMAD जमशेदपुर यूथ कॉन्फ्रेंस: 250 युवाओं ने सीखा जीवन का मूल्य और समय प्रबंधन
विद्यार्थियों को दिए गए प्रमाण-पत्र
एलएमएडी के संस्थापक न्यासी बृजेश अरोड़ा ने सम्मेलन के विकास की यात्रा साझा की. वहीं केपीएस की अकादमिक निदेशक लक्ष्मी आर. ने कहा कि बच्चों को भावनात्मक रूप से मजबूत बनाना और सही निर्णय लेने में सक्षम बनाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है. श्रद्धा अग्रवाल ने चार दिनों की गतिविधियों का सार प्रस्तुत किया. अंत में विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए.


