जमशेदपुर। शहर के झारखंड राज्य के बौद्ध मुख्यालय, बोधी सोसायटी के प्रांगण में 2570वीं बुद्ध जयंती अत्यंत ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर सोसायटी द्वारा न केवल धार्मिक और आध्यात्मिक अनुष्ठानों का भव्य आयोजन किया गया, बल्कि समाज सेवा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान बुद्ध के शांति, सद्भाव और करुणा के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया गया। इस विशाल आयोजन में शहर के कई गणमान्य लोगों के साथ-साथ हजारों की संख्या में बौद्ध अनुयायियों ने हिस्सा लिया।
विश्व शांति प्रार्थना और ध्वजारोहण से हुई दिन की शुरुआत
बुद्ध जयंती के विशेष कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 6 बजे विश्व शांति प्रार्थना के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने संपूर्ण विश्व में शांति और भाईचारे की कामना की। प्रार्थना के पश्चात बौद्ध भिक्षुओं और सोसायटी के सदस्यों द्वारा विश्व बौद्ध ध्वजारोहण किया गया। इस मौके पर सोसायटी के अध्यक्ष आलोक रंजन बरुआ ने भगवान बुद्ध की पवित्र वाणी और उनके जीवन दर्शन को उपस्थित जनसमूह के समक्ष विस्तार से प्रस्तुत किया और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
सामाजिक सरोकार: 55 ने किया रक्तदान, 265 की हुई निःशुल्क स्वास्थ्य जांच
बोधी सोसायटी ने बुद्ध जयंती को समाज सेवा से जोड़ते हुए एक बड़ी पहल की। इस अवसर पर प्रांगण में एक निःशुल्क रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 55 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर महादान किया। इसके साथ ही एक स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जहां 265 लोगों ने अपनी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराई। सेवा भाव को और आगे बढ़ाते हुए सोसायटी के सदस्यों ने शहर के विभिन्न अस्पतालों और अनाथालयों का दौरा किया तथा मरीजों और जरूरतमंदों के बीच ताजे फलों का वितरण कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
धर्मसभा में गूंजे शांति के उपदेश, हजारों ने ग्रहण किया प्रसाद
सुबह 10 बजे से सोसायटी प्रांगण में विशेष बुद्ध पूजा एवं पिंडदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों बौद्ध अनुयायियों ने पूरे भक्ति भाव से हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण किया। दोपहर के समय एक विशाल धर्मसभा का आयोजन हुआ। इस धर्मसभा में स्थानीय बौद्ध भिक्षुओं ने उपस्थित लोगों को भगवान बुद्ध के शांति, सद्भाव और रचनात्मकता के संदेश दिए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी सह श्रीलेदर्स के पार्टनर शेखर डे, विशिष्ट अतिथि पुरवी घोष, रामकृष्ण मिशन के स्वामी जी तथा सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों और चित्रांकन प्रतियोगिता ने मोहा मन
शाम के वक्त बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। इस दौरान आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता के विजेताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को मुख्य अतिथि शेखर डे द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। चित्रांकन प्रतियोगिता के ग्रुप ए में सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट की नायरा सिन्हा, ग्रुप बी में नयन संतरा, ग्रुप सी में डीबीएमएस कदमा के ऋषित राज और ग्रुप डी में जेपीएस की पी सृष्टि ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। इसके अलावा ‘स्कूल ऑफ होप’ के विशेष बच्चों को भी उनकी प्रतिभा के लिए पुरस्कृत किया गया।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष आलोक रंजन बरुआ, महासचिव साधन बरुआ, अधिराज बरुआ, सुब्रत बरुआ, माधुरी बरुआ, मिथुन बरुआ, सुमित बरुआ, स्वपन बरुआ, सुमन बरुआ, सत्यजीत बरुआ और दीपक रंजन बरुआ सहित कई सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




