
जमशेदपुर: झारखंड के जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानदारों की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन (पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई) ने राज्य के लगभग 25 हजार PDS दुकानदारों के पिछले 9 महीने से लंबित कमीशन भुगतान को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने इस मामले में केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। डीलरों का कहना है कि समय पर कमीशन न मिलने से वे गंभीर आर्थिक संकट और मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं।

आर्थिक तंगी के कारण PDS डीलर ने की खुदकुशी
एसोसिएशन ने केंद्रीय मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में एक बेहद दर्दनाक घटना का जिक्र किया है। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला क्षेत्र के एक पीडीएस डीलर मृणाल कांती एक्का ने लंबे समय से कमीशन न मिलने, आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या कर ली। संगठन ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि यह राज्य के हजारों राशन दुकानदारों की बदहाली का जीता-जागता सबूत है। अगर जल्द ही भुगतान नहीं हुआ, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे का जमशेदपुर दौरा, बर्मामाइंस में किया वृक्षारोपण और संगठन पर हुई चर्चा
राशन कार्ड धारकों को अनाज बांटने के बाद भी खाली हाथ
मुख्य मांग: पीएच (PH) कार्ड, ग्रीन कार्ड, अन्नपूर्णा कार्ड और अन्य खाद्य सुरक्षा योजनाओं के तहत बांटे गए राशन का बकाया कमीशन तुरंत जारी किया जाए।
संगठन के अनुसार, PDS डीलर सरकार और जनता के बीच की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत गरीबों तक अनाज पहुंचाते हैं। इसके बावजूद पिछले 9 महीनों से उन्हें एक रुपया भी कमीशन नहीं मिला है। दुकान संचालन, परिवहन और मजदूरी के खर्चों को पूरा करने के लिए कई डीलर भारी ब्याज पर निजी लोन (कर्ज) लेने को मजबूर हो चुके हैं।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS; माटी की खुशबू और सिनेमाई संजीदगी: बिहार की क्षेत्रीय भाषाओं को वैश्विक पहचान दिलाते नितिन नीरा चंद्रा
एसोसिएशन ने दी चेतावनी, जल्द भुगतान नहीं तो आंदोलन
ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन के प्रदेश महामंत्री प्रमोद गुप्ता, प्रदेश प्रधान महासचिव ज्ञानदेव झा और पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद साब उर्फ ‘परस’ शामिल हैं। एसोसिएशन ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि केंद्र और राज्य सरकार ने इस संवेदनशील मुद्दे पर तुरंत सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो पूरे झारखंड में जन वितरण प्रणाली ठप हो सकती है। दुकानदारों ने बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान करने की मांग की है।


