जमशेदपुर: सड़क दुर्घटना हो या रेल हादसा, किसी भी आपातकालीन स्थिति में समय पर मिली प्राथमिक चिकित्सा (First Aid) घायलों की जान बचाने में सबसे अहम भूमिका निभाती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जमशेदपुर के इलेक्ट्रिक लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) की सिविल डिफेंस टीम द्वारा एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस शिविर में चक्रधरपुर, रांची, आद्रा और खड़गपुर मंडल के रिफ्रेशर एवं प्रमोशनल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कुल 217 लोको पायलट शामिल हुए।
दुर्घटना में ‘फर्स्ट रिस्पांडर’ की भूमिका निभाते हैं लोको पायलट
राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित सदस्य और सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि रेल दुर्घटना के समय लोको पायलट प्रथम रिस्पांडर (First Responder) के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उन्हें प्राथमिक चिकित्सा का व्यावहारिक ज्ञान होना बेहद जरूरी है।
प्राथमिक उपचार का मुख्य उद्देश्य घायल की स्थिति बिगड़ने से रोकना, दर्द कम करना और रक्तस्राव को नियंत्रित करना है।
मेडिकल सहायता पहुंचने तक घायल की सही देखभाल सुनिश्चित करना एक उपचारकर्ता का काम होता है।
एक अच्छे प्राथमिक उपचारकर्ता में तत्परता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, सहानुभूति और सूझबूझ के साथ-साथ घायल व्यक्ति की गरिमा एवं सम्मान का ध्यान रखने का गुण होना चाहिए। उन्होंने बताया कि नेक नीयत से मदद करने वाले लोगों को कानून के तहत भी संरक्षण प्राप्त है।
सीपीआर, गैस लीकेज और फर्स्ट एड का दिया गया लाइव डेमो
प्रशिक्षण सत्र के दौरान लोको पायलटों को पावर पॉइंट और डिजिटल माध्यम से कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इसके अलावा बेहोश व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने, फ्रैक्चर की स्थिति में स्प्लिंट व पट्टी बांधने और गला घुटने (Choking) पर बचाव के तरीकों का लाइव प्रदर्शन किया गया।
प्रशिक्षण केंद्र के प्रांगण में डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह ने मॉक ड्रिल के माध्यम से सीपीआर (CPR), घरेलू गैस लीकेज से बचाव और अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
वहीं, डेमोंस्ट्रेटर अनामिका मंडल ने विभिन्न प्रकार की बैंडेज बांधने की विधियों को प्रदर्शित किया।
क्विज प्रतियोगिता में प्रशांत हुए सम्मानित
इस जागरूकता कार्यक्रम के दौरान इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने एक क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की। सही उत्तर देने वाले लोको पायलट प्रशांत को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण में हिस्सा लेने वाले सभी लोको पायलटों ने सिविल डिफेंस टीम के इस प्रयास और व्यावहारिक प्रदर्शन की जमकर सराहना की। इस पूरी कार्यशाला का मुख्य संदेश यही था कि दुर्घटना के समय मूकदर्शक बनने के बजाय प्रशिक्षित होकर लोगों की जिंदगी बचाने में मददगार बनें।


