
Jamshedpur NEWS: पूर्वी सिंहभूम जिले की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात तड़ीपार अपराधी और ड्रग्स पैडलर मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत उसके गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से शहर में होने वाली हत्या की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो देशी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन, जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है।


रेलवे पुल के नीचे बन रही थी हत्या की योजना
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 21 जुलाई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गरीब नवाज कॉलोनी के पास खरकई नदी पर बने रेलवे पुल के नीचे मो. खुर्शीद अपने साथियों के साथ कुख्यात अपराधी मो. निजाम की हत्या की योजना बना रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पुल के नीचे से खुर्शीद उर्फ भाकुड़, मो. शहजादा, मो. इकबाल, अरसील शेख और मो. रिजवान को दबोच लिया। तलाशी में शहजादा के पास से हथियार बरामद हुए।
निशानदेही पर पांच अन्य गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा मिला
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ईदगाह मैदान के पास से पांच अन्य आरोपियों—मो. फैसल, आफताब खान, मो. अरबाज खान, मो. सितारे और एक नाबालिग को पकड़ा। इसके बाद शिव घाट रिसाइक्लिंग प्लांट से छिपाकर रखा एक और पिस्टल व कारतूस बरामद हुआ। पटनहिया मोहल्ला मैदान से भी एक गोली और खोखा मिला, जहां 19 जुलाई को फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था।
ब्राउन शुगर के 15 लाख रुपये और प्रेम प्रसंग का विवाद
पूछताछ में ड्रग्स तस्कर खुर्शीद ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। वह पहले मो. निजाम का ही साथी था। ब्राउन शुगर के कारोबार में करीब 15-16 लाख रुपये के बकाए को लेकर दोनों में विवाद था। इसके अलावा, खुर्शीद की अनुपस्थिति में उसकी प्रेमिका ने मो. निजाम से शादी कर ली थी, जिससे यह दुश्मनी और भड़क गई और उसने निजाम की हत्या की साजिश रच डाली।
READ MORE :Jamshedpur NEWS: एनआईटी में तिरंगा अंगीकरण दिवस पर IPR और नवाचार पर विशेष व्याख्यान
तड़ीपार होने के बावजूद शहर में घुसा, JCCA के तहत मामला दर्ज
जुगसलाई थाना में इन सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। खुर्शीद जिला बदर (तड़ीपार) था, इसके बावजूद वह शहर में घुसा, इसलिए उस पर झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (JCCA) के तहत भी एक अलग मामला दर्ज किया गया है। खुर्शीद पर पहले से हत्या और चोरी के कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।


