जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित होटल बुलेवर्ड में आदर्श सेवा संस्थान एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के संयुक्त तत्वावधान में “बाल विवाह मुक्त भारत निर्माण सम्मान समारोह” एवं “रक्षक कार्यशाला” के संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जमशेदपुर पश्चिम के विधायक श्री सरयू राय ने की।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :सोनारी के नारायणी धाम में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भजनों की स्वर लहरी पर झूमे श्रद्धालु
अतिथियों का स्वागत और संस्था के कार्य
कार्यक्रम का शुभारंभ आदर्श सेवा संस्थान की संस्थापक एवं सचिव श्रीमती प्रभा जायसवाल द्वारा मुख्य अतिथि विधायक श्री सरयू राय एवं विशेष पुलिस पदाधिकारी श्री मनोज कुमार ठाकुर को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ।
संस्थान के सनातन पांडे ने पिछले एक वर्ष (अप्रैल 2025 से जून 2026 तक) के कार्यों का ब्योरा साझा करते हुए बताया कि:
जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और अभिभावकों के सहयोग से 444 बाल विवाहों को समय रहते रोका गया।
बाल तस्करी के चंगुल से 46 बच्चों को सुरक्षित किया गया।
आकांक्षी प्रखंडों में 1950 अति वंचित परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया।
50 पंचायत स्तरीय एवं 50 ग्राम स्तरीय बाल कल्याण और संरक्षण समितियों का गठन किया गया।
धार्मिक गुरुओं के साथ बैठकें, सरवाइवर नेटवर्क मीटिंग और 70 विभिन्न धार्मिक स्थलों पर बाल विवाह रोकने के लिए नोटिस बोर्ड लगाए गए।
बच्चों की प्रेरक कहानियां और अतिथियों के विचार
समारोह के दौरान उन साहसी बच्चों को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया, जिन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए स्वयं अपना बाल विवाह रोका था। इन बच्चों ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने डटकर इस कुरीति का सामना किया और अपनी पढ़ाई जारी रखी।
मुख्य अतिथि विधायक सरयू राय ने कहा कि बाल विवाह एक अभिशाप और सामाजिक कुरीति है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई में हरसंभव सहयोग देने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए ‘बाल मेला’ आयोजित करने की बात कही। विशेष किशोर पुलिस पदाधिकारी श्री मनोज कुमार ठाकुर ने भी बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें हरसंभव प्रशासनिक सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
READ MORE :CHAIBASA NEWS:कोल्हान यूनिवर्सिटी के 36 पीएचडी, यूजीसी-नेट और जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थी सम्मानित, डीसी मनीष कुमार ने की सराहना
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठी जागरूकता की मांग
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सचिव श्रीमती प्रभा जायसवाल ने कहा कि अब बाल विवाह पारंपरिक कार्ड छापकर नहीं किए जा रहे, बल्कि यह ‘एलोपमेंट’ (चुपचाप भागकर शादी) जैसे नए रूपों में चोरी-छिपे अंजाम दिए जा रहे हैं, जिसे रोकने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस दौरान राकेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष सुश्री चन्दन कुमारी जायसवाल, श्रीमती लक्खी दास, आर.एन. चौबे, श्रीमती एम. अर्विंदा, मौसूमी पांडे, श्रीमती उषा गुप्ता, गुड्डी सिंह और युधिष्ठिर पॉल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


