
जमशेदपुर : पोटका प्रखंड के तेंतला पंचायत भवन में रविवार को गंगा मेमोरियल अस्पताल शंकोसाई के तत्वावधान में एवं वीर शहीद गंगानारायण सिंह मेमोरियल सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से नि:शुल्क मेगा चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्व. गंगा देवी की स्मृति में पोटका के विधायक संजीव सरदार की पहल पर आयोजित हुआ। शिविर में कुल 284 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें से 57 मरीजों को निशुल्क ऑपरेशन हेतु चयनित किया गया।

पोटका विधायक संजीव सरदार ने डॉ. नागेंद्र सिंह के योगदान को बताया सराहनीय
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक संजीव सरदार ने दीप प्रज्वलन एवं स्व. गंगा देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में किए गए वादों के अनुरूप वे क्षेत्र के विभिन्न गाँवों में चिकित्सा शिविर आयोजित करा रहे हैं। इस नेक कार्य को सफल बनाने में गंगा मेमोरियल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नागेंद्र सिंह का निरंतर सहयोग मिलता रहा है, जो गरीबों के लिए नि:शुल्क सेवा कर रहे हैं। उन्होंने डॉ. सिंह के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि वे विगत 35 वर्षों से अपनी दिवंगत माता की स्मृति में आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों का मुफ्त इलाज कर एक मिसाल कायम कर रहे हैं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने दी नि:शुल्क सेवाएं, फिजीशियन से लेकर डेंटल और गायनोलॉजिस्ट तक रहे मौजूद
शिविर में सर्जन डॉ. नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में कई विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सेवाएं दीं। इसमें प्लास्टिक सर्जन डॉ. ललित मिंज, गायनोलॉजिस्ट डॉ. मंजुला श्रीवास्तव, डॉ. पूजा कश्यप, ओरल डेंटल सर्जन डॉ. तापस बाला, डॉ. स्मारिका, फिजीशियन डॉ. पंपी, डॉ. मुकेश आदि शामिल रहे। सभी चिकित्सकों ने नि:शुल्क जांच एवं परामर्श प्रदान किया।
शिविर के सफल संचालन में पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, सुनील महतो, बबलू चौधरी, सुधीर सोरेन, जिकरूल होदा, श्याम चरण सरदार, अर्धेंदु गोप, गौरांग महाकुड़, कृष्णा सिंह सरदार, फूलचांद सरदार (लाल), प्रोरंजन सरदार, नरसिंह सरदार, मूरती गोप समेत कई स्थानीय नागरिकों की भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन सुरेश चौहान एवं धन्यवाद ज्ञापन चंद्रावती महतो ने किया।



