
जमशेदपुर, 14 अक्टूबर। दुर्गापूजा के दौरान जमशेदपुर के प्रमुख पूजा पंडालों में दर्शन के लिए निकलने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। शहर में 15 से 21 अक्टूबर 2026 तक दुर्गापूजा को लेकर विशेष यातायात और पार्किंग व्यवस्था लागू की जा रही है। संभावित भीड़ और सड़क जाम की समस्या को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख 17 सार्वजनिक दुर्गापूजा पंडालों के आसपास दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
यातायात पुलिस द्वारा 13 अक्टूबर को जारी आदेश, ज्ञापांक 874/यातायात, के अनुसार श्रद्धालुओं को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने होंगे। सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: 15 अक्टूबर से जमशेदपुर की ट्रैफिक व्यवस्था बदलेगी, दुर्गापूजा में नो एंट्री लागू, पंडालों के पास ड्रॉप गेट
जमशेदपुर के 17 प्रमुख पूजा पंडालों की पार्किंग व्यवस्था
साकची और काशीडीह में कहां खड़ी करें गाड़ी?
1. ठाकुर प्यारा सिंह दुर्गापूजा समिति, काशीडीह: ठाकुर प्यारा सिंह उच्च विद्यालय परिसर, घुरंधर सिंह मेमोरियल विद्यालय और काशीडीह उच्च विद्यालय परिसर में पार्किंग होगी। बड़े वाहनों के लिए पीपुल्स एकेडमी, बाराद्वारी का मैदान निर्धारित किया गया है।
2. शीतला मंदिर, साकची: पुलिस अस्पताल के समीप आमबगान मैदान में वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
3. साकची गरमनाला, राजेंद्र विद्यालय: रवींद्र भवन के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
4. साकची बाजार क्षेत्र: डायमंड शोरूम के पीछे पुराने टिस्को क्वार्टर के खाली स्थान, जेएनएसी कार्यालय के पास और नौ नंबर टैक्सी स्टैंड में पार्किंग होगी।
गोलमुरी, एग्रिको और भुइयांडीह में पार्किंग स्थल
5. एग्रिको दुर्गापूजा समिति: पूजा पंडाल के आसपास न्यू लेआउट रोड और एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
6. टुइलाडुंगरी, गोलमुरी: आरडी टाटा गोलचक्कर के पास 407 स्टैंड, एनटीटीएफ मैदान और केरला समाजम स्कूल परिसर में वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
7. भुइयांडीह, सीतारामडेरा: श्मशान घाट के पश्चिमी हिस्से से प्राइवेट बस स्टैंड तक, गैस गोदाम एवं गैरेज की खाली जमीन, मानगो बस स्टैंड के आधे परिसर और चंडीनगर मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
बिष्टुपुर, कदमा और सोनारी में पार्किंग व्यवस्था
8. सर्किट हाउस दुर्गापूजा, बिष्टुपुर: लोयोला स्कूल मैदान, मैदान के किनारे केवल दोपहिया वाहनों की पार्किंग तथा सर्किट हाउस रोड नंबर दो के किनारे पार्किंग की व्यवस्था होगी।
9. हिंद क्लब एवं शास्त्रीनगर, कदमा: रानीकुदर धोबीघाट, एडीएल सोसाइटी विद्यालय और गणेश पूजा मैदान में पार्किंग होगी। गणेश पूजा मैदान केवल बड़े वाहनों के लिए निर्धारित है।
10. रंकिणी मंदिर, कदमा: जुस्को विद्यालय, कदमा के परिसर में वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
11. सोनारी कागलनगर: पूजा पंडाल के पूर्व में सड़क के किनारे निर्धारित स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था होगी।
12. उलियान दुर्गापूजा समिति: दोनों पूजा पंडालों के बीच सड़क किनारे स्थित मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
टेल्को और बर्मामाइंस में कहां होगी पार्किंग?
13. साबुज कल्याण संघ, टेल्को: लेबर ब्यूरो चौक पर केवल दोपहिया वाहन, टेल्को गुरुद्वारा और स्टेट बैंक एवं सेंट्रल बैंक के सामने निर्धारित स्थान तथा सीटीएस बस पड़ाव मैदान में पार्किंग होगी।
14. टेल्को डी रोड दुर्गापूजा: इंजन पार्क और पूजा पंडाल के पूर्व की खाली जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
15. टेल्को शिव-पार्वती दुर्गापूजा: पूजा पंडाल के सामने पेट्रोल पंप के बगल में वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
16. बर्मामाइंस सार्वजनिक दुर्गापूजा: बीपीएम उच्च विद्यालय मैदान, बीणा रोड और टीआरएफ मैदान में पार्किंग की व्यवस्था होगी।
17. बंगाल क्लब दुर्गापूजा: आमबगान और टैगोर एकेडमी के सामने, जुबली पार्क गेट नंबर एक के समीप पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सर्किट हाउस से अधिकारियों के आवास तक पार्किंग पर प्रतिबंध
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परिसदन गोलचक्कर से उपायुक्त आवास, वरीय पुलिस अधीक्षक आवास, अनुमंडल पदाधिकारी आवास और आर्मी कैंप के बीच सड़क पर या उसके किनारे किसी भी प्रकार के वाहन की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
अति महत्वपूर्ण व्यक्तियों के आवागमन को देखते हुए इस मार्ग पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खरकई पुल से छोटे वाहनों का आवागमन जारी
यातायात पुलिस के अनुसार, बिष्टुपुर स्थित खरकई नदी पुल से दोपहिया, तिपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों का आवागमन जारी है।
आदित्यपुर की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं और वाहन चालकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था आदित्यपुर क्षेत्र में ही की गई है। ऐसे में आदित्यपुर जाने वाले लोगों को अपने वाहन वहां निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने होंगे।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: पूर्वी सिंहभूम के पर्यटन स्थलों की बदलेगी सूरत, बुरूडीह और छोटाबांकी डैम में बढ़ेंगी सुविधाएं, गांवों के युवाओं को मिलेगा मौका
गलत पार्किंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि दुर्गापूजा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहन केवल चिह्नित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।
अनधिकृत स्थानों पर वाहन खड़ा करने से जाम की स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना या अन्य कार्रवाई की जा सकती है।
श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सलाह: पूजा पंडालों में दर्शन के लिए निकलने से पहले पार्किंग स्थल की जानकारी लें। बड़े और छोटे वाहनों के लिए निर्धारित अलग-अलग पार्किंग व्यवस्थाओं का ध्यान रखें तथा मौके पर तैनात यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। 


