
जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर में दुर्गा पूजा की रौनक के बीच गुरुवार को एग्रिको क्लब हाउस परिसर में बने भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया। उद्घाटन समारोह में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, टीएसपीडीएल के महाप्रबंधक जयदेव चांद सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। अतिथियों ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर शहर और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस वर्ष एग्रिको पूजा कमेटी का पंडाल अपनी अनूठी कलाकारी और विशेष रूप से तैयार मां दुर्गा की प्रतिमा को लेकर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। उद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल पहुंचे।
सुंदरवन के हुगला पत्तों से बनी मां दुर्गा की 16 फीट ऊंची प्रतिमा
एग्रिको पूजा कमेटी ने इस बार काल्पनिक थीम पर पूजा पंडाल तैयार कराया है। पंडाल की संरचना में प्लाई की बारीक कारीगरी के साथ बांस, पेस्टल रंगों और गोल्डन लाइट का आकर्षक इस्तेमाल किया गया है।सबसे खास बात यह है कि पंडाल के भीतर पश्चिम बंगाल के सुंदरवन क्षेत्र में पाए जाने वाले हुगला पत्तों से तैयार मां दुर्गा की 16 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा की कलात्मक बनावट श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही है।पंडाल में सीढ़ियों के माध्यम से प्रवेश की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर सकेंगे।
नारी शक्ति के सम्मान के बिना समाज की प्रगति संभव नहीं : रघुवर दास
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं एग्रिको पूजा कमेटी के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने कहा कि दुर्गा पूजा शक्ति, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का महापर्व है। मां भगवती के नौ स्वरूपों की आराधना समाज को साहस, शक्ति और समृद्धि की प्रेरणा देती है।उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में मां दुर्गा, मां काली और मां लक्ष्मी के स्वरूपों में नारी शक्ति की आराधना की जाती है।रघुवर दास ने कहा, “नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण के बिना समाज एवं राष्ट्र की वास्तविक प्रगति संभव नहीं है।”उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण के प्रयासों का उल्लेख करते हुए लोगों से नारी सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पूजा कमेटी के अध्यक्ष वाईपी सिंह, महासचिव भूपेंद्र सिंह सहित सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एग्रिको पूजा कमेटी हर वर्ष अपनी अनूठी थीम से जमशेदपुर की दुर्गा पूजा को विशेष पहचान देती है।
जमशेदपुर आध्यात्म और आधुनिकता का अनूठा संगम : विद्युत महतो
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि दुर्गा पूजा लोगों को आध्यात्मिक शक्ति और मानसिक शांति प्रदान करती है। जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का विशेष महत्व है।
उन्होंने कहा कि शहर के लोग अपनी व्यस्त दिनचर्या के बावजूद धार्मिक परंपराओं से जुड़े रहते हैं। यही कारण है कि जमशेदपुर आध्यात्म और आधुनिकता का अनूठा संगम है।
तीन दिनों तक मिलेगा भोग, मेले में झूले और सांस्कृतिक कार्यक्रम
पूजा कमेटी के महासचिव भूपेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल के साथ मेले में आकर्षक झूले, विद्युत सज्जा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की गई है।महासप्तमी, महाष्टमी और महानवमी पर तीन दिनों तक श्रद्धालुओं के बीच विशेष भोग का वितरण किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पंडाल और आसपास के परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। आग से बचाव के लिए अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मेला, यातायात और पूजा व्यवस्था संभालने के लिए समिति के सैकड़ों स्वयंसेवक यूनिफॉर्म में तैनात रहेंगे।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS:21 अक्टूबर तक टॉल मोड़ से खरकई पुल पर 24 घंटे नो-एंट्री, सरायकेला-कांड्रा का ट्रैफिक प्लान जारी,जानें किस रास्ते पर कब रहेगी रोक
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर पूजा कमेटी के अध्यक्ष वाईपी सिंह, महासचिव भूपेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष संजय सिंह बबलू, चंद्रशेखर मिश्रा, देवेंद्र सिंह, गुंजन यादव, राजन सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, योगेश मल्होत्रा, गुरदेव सिंह राजा, रूबी झा, संजीव कुमार, राकेश सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, कुमार अभिषेक, युवराज सिंह, उपेंद्र गिरी, प्रेम झा, कंचन दत्ता, जयशंकर सिंह, रमेश पांडेय, अनिल पांडेय, देवप्रकाश, ललित जंघेल, निरंजन मांझी, अरुण कुमार, सुशील श्रीवास्तव, ईश्वर प्रसाद, बृजकिशोर, राजन पटेल, गोपाल सिंह, लालू, अभिषेक, अनिमेष, निकेत सिंह, अभिषेक मिश्रा, अमित उपाध्याय, रवि कुमार, आनंद कुमार और जेपी शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


