
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के मानगो स्थित डिमना (Dimna) क्षेत्र में पेयजल संकट अब विकराल रूप ले चुका है। पिछले 12 दिनों से पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे स्थानीय लोगों का गुस्सा अब फूटने लगा है। गोकुल नगर, हिल व्यू कॉलोनी और डिमना बस्ती समेत कई इलाकों में पानी के लिए मचे हाहाकार को देखते हुए जन विकास मंच के अध्यक्ष और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु (Saurabh Vishnu) ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि मानगो नगर निगम (Mango Municipal Corporation) ने तत्काल इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया, तो वे जनता के साथ सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेंगे।


महज 20 मिनट की सप्लाई, पानी खरीदने को मजबूर हैं हजारों परिवार
पानी की किल्लत से परेशान स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में सौरभ विष्णु से मुलाकात कर अपना दर्द साझा किया। लोगों का कहना है कि गोकुल नगर, हिल व्यूज़ कॉलोनी, डिमना बस्ती, रिपीट कॉलोनी और बालीगुमा जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में हर दिन बमुश्किल 20 मिनट ही पानी आ रहा है। इससे हजारों परिवारों के सामने पीने के पानी से लेकर दैनिक जरूरतों तक का भारी संकट खड़ा हो गया है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि लोगों को अपने इस्तेमाल के लिए पानी खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है।
‘पानी मूलभूत अधिकार, लापरवाही बर्दाश्त नहीं’
सौरभ विष्णु ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लोगों का 12 दिनों से पानी खरीदना पूरी तरह से प्रशासन की विफलता को दर्शाता है। स्थानीय निवासियों ने कई बार मानगो नगर निगम और संबंधित विभागीय अधिकारियों से इसकी शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। जनता की इस गंभीर समस्या के प्रति अधिकारियों का यह लापरवाह रवैया किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
आंदोलन की चेतावनी, ‘जिम्मेदारी मानगो नगर निगम की होगी’
जन विकास मंच के अध्यक्ष ने दो टूक शब्दों में कहा, “पानी हर नागरिक का मूलभूत अधिकार है। हम लोकतांत्रिक तरीके से जनता के हक की लड़ाई लड़ेंगे।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि डिमना क्षेत्र में पानी की आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल और सुचारू नहीं की गई, तो मंच स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर उग्र प्रदर्शन करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आंदोलन की नौबत आती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी मानगो नगर निगम और स्थानीय प्रशासन की होगी।


