
जमशेदपुर: झारखंड अलग राज्य के आंदोलन के प्रणेता और महानायक वीर शहीद निर्मल महतो (Shaheed Nirmal Mahato) के 39वें शहादत दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने लौहनगरी जमशेदपुर का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने उलियान (कदमा) स्थित उनके समाधि स्थल पर पहुंचकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वीर शहीद को शत-शत नमन किया। इस मौके पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने झारखंड को ‘वीरों की धरती’ बताया और स्पष्ट किया कि राज्य के आदिवासी, मूलवासी, किसानों, गरीबों और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना ही उनकी सरकार का प्राथमिक संकल्प है।


READ MORE :Jamshedpur News: हॉकी प्रेमियों के लिए खुशखबरी! 10 अगस्त से जमशेदपुर में सजेगा जूनियर स्टेट हॉकी का महाकुंभ
‘जब तक सूरज-चांद रहेगा, निर्मल महतो का नाम रहेगा’
मुख्यमंत्री ने वीर शहीद को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श, संघर्ष और विचार हमेशा हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। लंबे संघर्ष और अनगिनत बलिदानों के बाद झारखंड को अपनी अलग पहचान मिली है। सीएम ने जनसभा में जोश भरते हुए कहा, “आज के दिन हर साल सुबह से लेकर शाम तक लोग इस महान योद्धा की याद में यहां पहुंचते हैं। निर्मल महतो जी के बारे में कुछ भी कहा जाए, वह कम होगा, लेकिन एक बात जरूर कहूंगा कि ‘जब तक सूरज-चांद रहेगा, निर्मल महतो का नाम रहेगा।’ यह नारा हम सभी के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।”
READ MORE :Jamshedpur News: CM हेमंत सोरेन पहुंचे सोनारी, ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन की प्रतिमा पर हुए नतमस्तक
षड्यंत्रकारियों को चेतावनी: ‘हम लोहा लेना जानते हैं’
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विरोधियों पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोगों की एकजुटता का पूरा देश लोहा मानता है। लेकिन आज कुछ षड्यंत्रकारी लोग बड़े योजनाबद्ध तरीके से इस एकजुटता को तोड़ने और उसे अपनी ताकत बनाने में लगे हैं। सीएम ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा, “चिंता मत कीजिए, जब-जब बाहर के लोगों ने यहां आक्रमण करने की कोशिश की है, तब-तब यहां के लोगों ने एकजुटता दिखाकर उनसे लोहा लेने का काम किया है। झारखंड वीरों की धरती है, यहां एक वीर की कहानी सुनाएंगे तो दूसरे वीरों की कड़ियां जुड़ती चली जाएंगी।”
दिग्गजों का लगा जमावड़ा, अंतिम पंक्ति तक विकास का वादा

सीएम ने कहा कि शहीदों के त्याग के मार्ग पर चलते हुए राज्य के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने लोगों से बिना डरे, बिना रुके एकजुट होकर आगे बढ़ने की अपील की। इस श्रद्धांजलि सभा और जनसभा में विधायक श्रीमती सबिता महतो, विधायक श्री समीर मोहंती, विधायक श्री संजीव सरदार, विधायक श्री सोमेश चंद्र सोरेन और पूर्व मंत्री श्री बन्ना गुप्ता सहित कई गणमान्य नेता और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।



