
जमशेदपुर। भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले के बड़े भाई त्रिलोचन सिंह (पम्मी भाई) का सोमवार सुबह गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे 67 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही जमशेदपुर में शोक की लहर दौड़ गई। साकची कालीमाटी रोड स्थित उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है।
28 अगस्त को एयर एंबुलेंस से गुरुग्राम ले जाया गया था
परिजनों के अनुसार, 25 अगस्त को तबीयत बिगड़ने के बाद त्रिलोचन सिंह को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया था। बेहतर इलाज के लिए 28 अगस्त को उन्हें एयर एंबुलेंस के माध्यम से मेदांता अस्पताल, गुरुग्राम ले जाया गया था। सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
14 सितंबर को स्वर्णरेखा घाट पर होगा अंतिम संस्कार
उनका पार्थिव शरीर सोमवार, 14 सितंबर को पूर्वाह्न करीब 11 बजे साकची कालीमाटी रोड स्थित उनके आवास पर पहुंचने की संभावना है। परिजनों के अनुसार, अपराह्न करीब 3 बजे आवास से अंतिम यात्रा निकलेगी।
अंतिम यात्रा के दौरान साकची गुरुद्वारा में माथा टेकने के बाद पार्थिव शरीर को भुइंयाडीह स्थित स्वर्णरेखा घाट ले जाया जाएगा, जहां अपराह्न 3:30 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पांच भाइयों में सबसे बड़े थे त्रिलोचन सिंह
त्रिलोचन सिंह पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके निधन की सूचना के बाद साकची स्थित आवास पर परिवार, मित्रों, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिंह, बबुआ सिंह, संजीव सिंह, मनोज सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता शिव शंकर सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, विनोद सिंह, डॉ. अभिषेक सहित कई लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
गुरुद्वारा प्रबंध कमेटियों के पदाधिकारी भी पहुंचे
केंद्रीय गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, शैलेंद्र सिंह, साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान निशांत सिंह समेत विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंध कमेटियों के पदाधिकारी भी आवास पर पहुंचे और परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों से जुड़े लोगों के पहुंचने का सिलसिला भी जारी है। त्रिलोचन सिंह के निधन से परिवार और उनके परिचितों में गहरा शोक है।

