
तहजीब रिजवी, जमशेदपुर :
गुरु गोविंद सिंह की 350 वीं जयंती पर जिला प्रशासन एक करोड़ 30 लाख रुपये खर्च करेगा। प्रशासन ने इसका बजट बना लिया है। पर्यटन विभाग से आवंटन की मांग कर दी गई है। समारोह के आयोजन के लिए समितियां बन गई हैं। समितियों की मंगलवार को साढ़े 12 बजे उपायुक्त कार्यालय में बैठक होगी। इसमें टाटा स्टील के भी अधिकारी शिरकत करेंगे।


प्रकाश पर्व पर खर्च होंगे सवा करोड़
प्रशासन ने बनाई आयोजन समितियां, सफल आयोजन की आज बनेगी रणनीति
किस पर कितना होगा खर्च
कार्यक्रम स्थल (स्टेज, लाइट, साउंड, इवेंट डेकोरेशन, एलईडी स्क्रीन) : 84 लाख रुपये
कलाकार आवासन, सम्मान राशि व यात्रा भत्ता — 42 लाख रुपये
परिवहन व आवासन — ढ़ाई लाख रुपये
प्रचार-प्रसार — 50 हजार रुपये
सामान्य व विधि व्यवस्था — एक लाख रुपये
गुरु गोविंद ंिसह के 350 वीं जयंती पर प्रकाश पर्व गोपाल मैदान में नौ जनवरी से 11 जनवरी तक मनाया जाएगा। यहां भव्य पंडाल बनाने के लिए टेंडर कर दिया गया है। पंडाल व मंच की साज-सज्जा पर 84 लाख रुपये, कलाकारों पर 42 लाख रुपये, परिवहन व आवासन पर ढ़ाई लाख रुपये, प्रचार पर 50 हजार रुपये और सामान्य व्यवस्था पर एक लाख रुपये खर्च होंगे। इस मौके पर तीन दिन तक कार्यक्रम चलेंगे। नौ जनवरी को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री रघुवर दास कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद घोड़ा करतब का कार्यक्रम होगा। इसके बाद मार्शल आर्ट (गदका) का कार्यक्रम होगा। सूफी संगीत का कार्यक्रम भी होगा। भजन-कीर्तन के साथ ही सर्व धर्म समभाव सम्मेलन भी होगा। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को संपन्न कराने के लिए आयोजन समितियां बना ली हैं। पूरे कार्यक्रम की निगरानी का काम उप विकास आयुक्त विनोद कुमार को सौंपा गया है। मंच से संबंधित काम के अपर उपायुक्त सुनील कुमार की अध्यक्षता में टीम गठित की गई है। विधि-व्यवस्था की कमान एडीएम विधि-व्यवस्था सुबोध कुमार संभालेंगे। निबंधन और पास वितरित करने का काम एसओआर बिंदेश्वरी ततमा के जिम्मे रहेगा। आने वाले कलकार और अन्य मेहमानों के आवासन का काम एनईपी की निदेशक रंजना मिश्रा देखेंगी। मेहमानों को भोजन कराने की व्यवस्था डीएसओ दिलीप कुमार तिवारी को सौंपी गई है। परिवहन की जिम्मेदारी डीटीओ रवि रंजन के हवाले की गई है। कार्यक्रम में चिकित्सा व्यवस्था की कमान सिविल सर्जन डा. एसके झा संभालेंगे।

