

मुखिया, पंसस तथा ग्राम प्रधान ने की संयुक्त रूप से घोषणा
जमशेदपुर ।
राज्य में सबसे पहले कैशलेस लेनदेन मुहिम की शुरुआत करने वाले पोटका के गांव नुआग्राम को आज यहाँ के स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से कैशलेस लेनदेन हेतु शत प्रतिशत आच्छादित ग्राम घोषित किया। जूड़ी पंचायत की मुखिया श्री मती सावित्री सरदार , पंसस श्री मती उर्मिला सामद तथा ग्राम प्रधान सरोज कुंडू ने सीएम कैम्प कार्यालय के उपसमाहर्ता संजय कुमार को सौपे घोषणा पत्र के माध्यम से बताया कि इस गांव के सभी 118 परिवारों के न्यूनतम एक सदस्य को डिजिटल बैंकिंग तकनीकों से प्रशिक्षित करते हुए पूरे गांव को पूर्णतया कैशलैस लेनदेन के अनुकूल बना दिया गया है। साथ ही ऐसे नागरिकों का प्रोफाइल भी पोर्टल पर प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से अपलोड कर दिया गया है। स्थानीय नागरिक शैलेन्द्र प्रामाणिक ,पिंटू मोदी , खीतीश पाल , निवारण मोदी , जयंत दे आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि उनका गांव तकनीक के साथ कदम मिलकर चल रहा है। गांव के युवाओं मनोज मोदी , सीमा मोदी , अर्जुन मोदी आदि ने कहा कि वे अपने गांव के ऐसे लोगो को सतत प्रशिक्षित करते रहेंगे जिन्हें डिजिटल बैंकिंग को लेकर दुविधा महसूस हो रही हो। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन , प्रज्ञा केंद्र संचालक जलाधर स्वर्णकार तथा उपसमाहर्ता को समन्वयात्मक सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर उत्पल मंडल, वीरेंद्र कुमार , असीम प्रामाणिक , तरुण कुमार दे , अनूप कुमार आदि ने अपने विचार रखे।
उल्लेखनीय है कि बीते 20 नवम्बर को सीएम कैंप कार्यालय के उपसमाहर्ता संजय कुमार की पहल पर यहाँ के ग्रामीणों ने आम सभा कर गांव को कैशलेस लेनदेन के अनुकूल बनाने का संकल्प लिया था।

