मुख्यमंत्री रघुवर दास तथा केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर भी लेंगे भाग
जमशेदपुर।
आगामी 10 दिसम्बर को स्थानीय जे0आर0डी0के आर्चरी ग्राउण्ड जमशेदपुर में राज्य स्तरीय स्वच्छता सम्मेलन आयोजित किया जाना है। प्राप्त सूचना के अनुसार उक्त कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री रघुवर दास तथा केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर भी भाग लेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अमित कुमार ने 10 विभिन्न समितियों का गठन करते हुए सम्बंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिये हैं। सम्मेलन में लगभग 200 योजनाओं का शिलान्यास/उद्घाटन कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इसके अलावा राज्य भर में ओडीएफ की दिशा में बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। समग्र कार्यक्रम के लिए उप विकास आयुक्त विनोद कुमार को वरीय प्रभारी बनाया गया है। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आवासन, परिवहन, मंच व्यवस्था, अतिथि स्वागत, विधि-व्यवस्था, स्वास्थ्य, खाद्य व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों हेतु कार्य का विभाजन अधिकारियों के बीच में कर दिया गया है।



