
जमशेदपुर।
आर्थिक तंगी से जूझ रहे समाज के अभिवंचित वर्ग के पंद्रह जोड़ों का भव्य एवं शाही अंदाज में होने वाली सामूहिक परिणायोत्सव की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं । ‘समाधान’ संस्था द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह का यह लगातार द्वितीय आयोजन है । संस्था ने विगत वर्ष 2015 में ग्यारह जरूरतमंद युगलों का भी शाही अंदाज में विवाह संपन्न कराया था । इसी क्रम में आर्थिक तंगी के कारण विवाह न कर पाने वाले पंद्रह जोड़ों के सहायतार्थ सामूहिक विवाह करा रही ‘समाधान’ संस्था के सदस्यों ने रविवार को आयोजन स्थल का दौरा करते हुए तैयारियों का जायज़ा लिया । सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल ग्राउंड में आयोजित उक्त समारोह से पूर्व निरीक्षण के दौरान संस्था के प्रतिनिधि तैयारियों से संतुष्ट दिखें । मौके पर मीडिया को जानकारी देने के क्रम में समाधान के मुख्य संरक्षक दिनेश कुमार ने कहा कि समाधान द्वारा सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियां पूर्ण हो चुकी है । छह दिसंबर को आयोजित भव्य वैवाहिक समारोह में पंद्रह युगल वैवाहिक बंधन में बंधेंगे । समाधान के पहल पर होने वाली उक्त द्वितीय आयोजन हेतु पंद्रह पंडितों और मंडप की भी व्यवस्था की गयी है । उन्होंने बताया की छह दिसम्बर की शाम सात बजे बारात स्वागत के पश्चात वरमाला होगी जिसके बाद मुख्यातिथि सीएम, मंत्रीगण समेत अन्य गणमान्य पंद्रह युगलों को आशिष देंगे । वैदिक रीति-रिवाजों से संपन्न होने वाले वैवाहिक आयोजनों हेतु बेदी भी तैयार कर ली गयी है । विवाह स्थल पर आंगतुकों के लिए भोजन का भी प्रबंध होगा ।
● कल गणेश पूजन, हल्दी और मेहँदी की रस्म : पूनम
सामूहिक विवाह की तैयारियों को लेकर ‘समाधान’ की अध्यक्षा पूनम विग ने बताया कि सोमवार की शाम चार बजे रीती-रिवाज के साथ गणेश पूजन,हल्दी और मेहँदी की रस्म अदायगी होगी । इस दौरान संगीत संध्या एवं विवाह-संस्कार के गीतों का भी आयोजन तय है । मेहँदी और संगीत कार्यक्रम के दौरान राज्य के भूमि,कला-संस्कृति मंत्री अमर बाउरी , ज़िले के एडीएम, कल्याण पदाधिकारी मेहँदी रचा रही युवतियों से मिल आशिष देंगे । उन्होंने बताया कि इस बार का आयोजन बीते वर्ष से भी भव्य होगा जिसके मद्देनज़र सभी तैयारियां हो चुकी है । श्रीमती विग ने आगे बताया कि टाउन हॉल ग्राउंड पर बारातियों, घरातियों के अलावे सम्मानित आंगतुकों के लिए पंडाल का निर्माण करा लिया गया है । पंडाल की साज-सज्जा आकर्षक फूलों से की जा रही है । तैयारियों के लिए समाधान के सदस्यों के अलावे विभिन्न संस्थाओं से जुड़े कुल 101 सदस्य सहयोग कर रहे हैं । आज तैयारियों का जायज़ा लेने वालों में समाधान संस्था के संरक्षक दिनेश कुमार, अध्यक्ष पूनम विग,कोषाध्यक्ष कुलजीत सदाना,अंकित आनंद,अंजली सिंह , तनवीर, कपिल कुमार, अमरजीत सिंह , सुरेंद्र सिंह शिंदे, रंजीत पांडेय शामिल थें ।
वैवाहिक कार्यक्रम : 5 दिसंबर,2016
● गणेश पूजन एवं हल्दी : शाम 4:00 बजे से
● मेहँदी की रस्म : शाम 5:00 बजे से
● संगीत संध्या : शाम 6:30 बजे से

