
जिले के 60 महिला स्वयं सहायता समूह तथा 324 व्यक्तिगत लाभुकों को मिली राशि

जमशेदपुर।
मुख्यमंत्री अनुसूचित जन जाति ग्राम विकास योजना के तहत आज यहां सिदगोड़ा टाउन हॉल में गरीब कल्याण मेला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के महिला स्वयं सहायता समूह तथा व्यक्तिगत लाभुकों के बीच कुल 7 करोड़ 8 लाख की राशि वितरित की गई। पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी 11 प्रखण्डों से 324 दसवीं पास बेरोजगार युवक-युवतियों को कुल 6 करोड़ 48 लाख रू0 यानि प्रत्येक लाभुक को 2 लाख रूपए सहायता प्रदान की गई। वहीं 60 महिला स्वयं सहायता समूहों को 1 लाख रू0 प्रत्येक के हिसाब से कुल 60 लाख रू0 सहायता राशि दी गई।
उक्त गरीब कल्याण मेला का उद्घाटन मुख्य अतिथि सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक श्रीमती मेनका सरदार, विधायक लक्ष्मण टुडू, जिला परिषद अध्यक्षा श्रीमती बुलू रानी सिंह, उपायुक्त अमित कुमार, एसडीओ सूरज कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलन कर किया। स्वागत भाषण के साथ आईटीडीए परियोजना निदेशक परमेश्वर भगत ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
विषय प्रवेश के क्रम में संबोधित करते हुए उपायुक्त अमित कुमार ने कहा कि आदिवासी कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से है। मुख्य अतिथि सांसद विद्युत वरण महतो ने उपस्थित सभी लाभुकों को सहायता राशि मिलने की बधाई देते हुए उन्हें सफल उद्यमी बनने के लिए शुभकामनाएं दीं। घाटशिला विधायक लक्ष्मण टुडू ने सरकार के कल्याणकारी ध्येय को सहज और दार्शनिक अन्दाज में आदिवासी युवाओं के बीच रखते हुए कहा कि उन्हें भी बाजार के अनुरूप बनने के लिए उद्यम करने का जोखिम उठाना ही होगा। उन्होंने सभी को प्रेरित किया कि लाभ हानि के आशंका से बिना प्रभावित हुए सरकार द्वारा आज दी गई सहायता राशि का सदुपयोग कर सफल व्यवसायी बनें। पोटका विधायक श्रीमती मेनका सरदार ने कहा कि सबका साथ सबका विकास के अनुरूप चलते हुए राज्य सरकार सभी आदिवासी भाई बहनों के समग्र विकास हेतु संकल्पित है। जिला परिषद अध्यक्षा श्रीमती बुलू रानी सिंह ने भी सभी लाभुकांे को इस अवसर पर संबोधित किया।
जिन 324 लाभुकों को 2-2 लाख रू0 दिया गया उनमें से जमशेदपुर के 30, पोटका के 69, पटमदा के 14, घाटशिला के 10, मुसाबनी के 30, डुमरिया के 30, धालभूमगढ़ के 40, चाकुलिया के 35, बहरागोड़ा के 21, बोड़ाम के 20, गुड़ाबांधा के 25 लाभुक शामिल हैं।
इसी तरह जिन 60 महिला स्वयं सहायता समूहों को 1-1 लाख रू0 दिया गया उनमें जमशेदपुर के 6, पोटका के 14, पटमदा के 3, मुसाबनी के 4, डुमरीया के 6, धालभूमगढ़ के 7, चाकुलिया के 5, बहरागोड़ के 6, बोड़ाम के 4, गुड़ाबांधा के 5 समूह शामिल हैं।
इस मौके पर अनुमण्डल पदाधिकारी सूरज कुमार, प्रशिक्षु आईएएस श्री अनन्य मित्तल, विभिन्न वार्डों के जिला परिषद सदस्य, प्रखण्ड प्रमुख, निदेशक आईटीडीए श्री परमेश्वर भगत, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी संजय कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री आशीष सिन्हा आदि मौजूद थे।
धन्यवाद ज्ञापन जिला कल्याण पदाधिकारी तथा संचालन जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी ने किया।

