
असंगठित क्षेत्र के 387 श्रमिकों का हुआ निबंधन


जमशेदपुर । शहर की लोकप्रिय सामाजिक संस्था ’समर्पण‘ के संयोजक ललित दास ने कहा है कि देश के विकास के लिए असंगठित क्षेत्र के मजदूरों का उत्थान जरूरी है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भूतपूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर ’समर्पण‘ के तत्वावधान में आयोजित एक निबंधन शिविर का उद्घाटन करते हुए यह बात श्री दास ने कही है। इस शिविर का आयोजन एग्रिको में श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के सहयोग से किया गया। झारखंड असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा योजना एवं झारखंड भवन और अन्य सन्निर्माण कार्य में कार्यरत श्रमिकों के कल्याण के लिए लगाये गये इस शिविर में 387 असंगठित मजदूरों का आॅन लाइन निबंधन किया गया।
इस अवसर पर श्री दास ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार असंगठित कामगारों के हित के लिए डेढ दर्जन से अधिक योजनाएं चला रही है लेकिन इन योजनाओं के लाभ से बडी संख्या में असंगठित मजदूर वंचित रह जाते हैं। वजह यह है कि असंगठित मजदूर दैनिक कार्यों में इस कदर व्यस्त रहते हैं कि उन्हें पता ही नहीं चलता कि सरकार उनके विकास के लिए क्या-क्या कर रही है। असंगठित मजदूरों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से ’समर्पण‘ ने जमशेदपुर के बर्मामाइंस, गोलमुरी, बिरसानगर एवं सिदगोड़ा आदि थाना क्षेत्रों में ऐसे शिविर लगाने का निश्चय किया है।
शिविर में बाबूडीह, भुइयांडीह, ग्वाला बस्ती, बिरसानगर, नागाडूंगरी, बागुनहातु, बागुननगर, बारीडीह बस्ती, सीतारामडेरा, गोलमुरी आदि क्षेत्रों के असंगठित मजदूरों ने आॅन लाइन निबंधन कराया। स्थानीय श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी आनंद शेखर, कंप्यूटर आॅपरेटर शिवा लोहार एवं सुमित दास ने आॅन लाइन निबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। इस शिविर को सफल बनाने में टीम ’समर्पण‘ के नीरज कुमार कैवर्त, देव कुमार कैवर्त, संजीव नायक, रूपेश साहू, ज्ञान सिंह, प्रदीप कुमार दुबे, दीपक कुमार सिंह एवं सोनू दत्ता आदि ने सक्रिय योगदान दिया।

