
संवाददाता.रांची,26 दिसबंर

भाजपा के वरिष्ठ नेता ऱधुवर दास झारखंड के पहले गैरआदिवासी मुख्यमंत्री होंगे। इस प्रकार राज्य के दसवे मुख्यमंत्री रघुवर दास बन गए। भाजपा के पर्यवेक्षक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे और महामंत्री जेपी नड्डा की उपस्थिति में शुक्रवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई जिस पर विधायकों ने सर्वसम्मति से अपनी मुहर लगा दी।
रघुवर दास जमेशदपुर पूर्व से पांचवी बार विधायक चुने गए हैं और पूर्व में वे मुंडा सरकार में उपमुख्यमंत्री और शहरी विकास मंत्री भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। दास का संघ्ा और एबीवीपी से जुड़ा होना भी उनके पक्ष में गया। अपने नाम की घोषणा के बाद दास प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय के साथ सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल के पास पहुंचे। वह 29 दिसंबर को रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
बृहस्पतिवार को राजधानी में भाजपा के बड़े नेताओं से मिलने के अंदाज से यह साफ झलक रहा था कि आलाकमान से रघुवर को राज्य की बागडोर संभालने के संकेत मिल गए हैं। कल ही रघुवर ने सीपी सिंह, सरयू राय आदि भाजपा के वरिष्ठ विधायकों के आवास पहुंचकर गुफ्तगू की, जबकि शाम को वह भाजपा कार्यालय गए, जहां वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
Comments are closed.