
JAMSHEDPUR
45 प्लस के कोविड-19 के पहले डोज टीकाकरण को लेकर पोटका प्रखंड क्षेत्र में आज काफी उत्साह देखा गया। यहां एक दिन के दिये गये 800 के लक्ष्य के विरुद्ध चार पंचायतों में कुल 776 लोगों ने टीका लिया। इस टीकाकरण अभियान में आज हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत में सर्वाधित 268 लोगों ने टीका लिया, इस तरह हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत के 703 लोगों मे 668 लोगों ने टीका लिया यानि पंचायत क्षेत्र के 95 प्रतिशत लोगों ने अबतक टीका ले लिया है, जो जिले का सर्वाधित टीका लेनेवाला पंचायत बन गया है। वहीं हल्दीपोखर पश्चिमी पंचायत में 238, जुड़ी पंचायत मे 170 एवं तेंतला पंचायत मे 101 लोगों ने आज टीका लिया।


इस टीकाकरण अभियान में लोगों का हौसला बढ़ाने के लिए तेंतला पंचायत के बड़ा बांदुआ गांव में जमशेदपुर के माननीय सांसद विद्युत वरण महतो भी पहुंचे और लोगों को कोरोना का टीका लेने के प्रति प्रेरित किया। छोटा बांदुआ के ग्राम प्रधान दासो टुडू ने पहला टीका लेकर टीकाकरण का शुभारंभ किया। इस टीकाकरण अभियान में सीओ सह बीडीओ इम्तियाज अहमद, प्रशिक्षु उपसमाहर्ता अभय द्धिवेदी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मृत्युंजय धावोडिया, पोटका थाना प्रभारी रविंद्र मुंडा, हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत के कार्यकारी समिति प्रधान सुनील मुंडा, हल्दीपोखर पश्चिमी पंचायत के सैयद जबिउल्लाह, जुड़ी पंचायत के सावित्री सरदार एवं तेंतला पंचायत की दीपांतरी सरदार का अहम योगदान रहा।

