
डीसी ने किया संज्ञान, विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार स्वयं मेडिकल यूनिट लेकर पहुंचें


जमशेदपुर के सीतारामडेरा अंतर्गत स्लैग रोड की रहने वाली 72वर्षीय वृद्धा आलोका चटर्जी तक पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी की ट्वीट के बाद प्रशासनिक मदद पहुंच सकी। गुरुवार सुबह एक ट्वीट यूज़र ने कुणाल षाड़ंगी को ट्वीट करते हुए आलोका चटर्जी के बीमार होने की सूचना देते हुए फ़ौरन मदद पहुँचाने का आग्रह किया। बताया गया कि उक्त वृद्धा अकेली रहती है और बेहद बीमार है। उन्हें सांस लेने में असुविधा हो रही थी, जिसकी जानकारी मिलते ही ट्विटर यूज़र महुआ कुमारी ने मदद के लिए निवेदन किया था। इसपर तत्काल संज्ञान लेते हुए पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने जिला उपायुक्त सूरज कुमार एयर जमशेदपुर पुलिस की ट्विटर हैंडल को टैग करते हुए अविलंब जरूरी मदद पहुँचाने का आग्रह किया। ट्वीट पर फ़ौरन ही जिला उपायुक्त सूरज कुमार ने संज्ञान लिया और उनके निर्देश पर जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी स्वयं मेडिकल यूनिट लेकर वृद्ध महिला तक पहुंच गये। जिला प्रशासन की टीम ने एम्बुलेंस का भी प्रबंध कर रखा था की यदि आवश्यकता होगी तो अविलंब उन्हें निकटतम अस्पताल में दाखिल कराया जा सके। जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार के संग पहुंचीं मेडिकल यूनिट ने महिला का टेस्ट किया और जरूरी चिकित्सकीय सहायता भी मुहैया कराया। हालांकि वृद्धा ने अस्पताल जाने के विकल्प को नकारते हुए घर पर ही इलाज कराने की इच्छा जताई। मेडिकल टीम ने उन्हें जरूरी दवाईयां और परामर्श भी दिया। आपात स्थिति के लिए विशेष पदाधिकारी ने अपना फ़ोन नंबर भी उन्हें मुहैया कराया। इस मामले में जिला उपायुक्त सूरज कुमार ने अपनी ट्विटर हैंडल के माध्यम से सूचित किया और बताया कि प्रशासनिक टीम उनके घर तक पहुंच चुकी है किंतु उन्होंने अस्पताल जाने से इंकार कर दिया। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की एम्बुलेंस तैयार है, यदि आपात स्थिति हो तो फ़ौरन सूचित किया जाये। यह मामला गुरुवार सुबह लगभग नौ बजे की है। इस प्रकरण में प्रशासनिक सक्रियता पर प्रसन्नता ज़ाहिर करते हुए पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने अपनी ट्वीटर हैंडल के जरिये जिला उपायुक्त एवं जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार के प्रति आभार जताया है। श्री षाड़ंगी ने वृद्ध महिला तक पहुंचें विशेष पदाधिकारी एवं मेडिकल टीम की तस्वीर साझा करते हुए इसे कर्तव्यपरायणता का अप्रतिम उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि जिला उपायुक्त के नेतृत्व में कोरोनरोधी अभियान में सभी विभाग उल्लेखनीय कार्य कर रही है।

