
जमशेदपुर, 8 मई । कोविड-19 महामारी के बीच रक्त की कमी को दूर करने के लिए 8 मई विश्व रेड क्रॉस दिवस पर रेड क्रॉस भवन, जमशेदपुर में आयोजित रक्तदान शिविर 426 रक्तदाताओं के रक्तदान के साथ सम्पन्न हो गया। पूर्वानुमान के अनुसार रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। रक्तदान शिविर का शुभारंभ रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के सामाजिक गतिविधियों को सहयोग देने वाली कम्पनी हिमालया स्टील मिल के श्री शशिधर सिंह ने किया, उनके साथ रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष विकास सिंह, भारत विकास सेवा फाउण्डेशन के श्री कृष्णा भालोटिया, समाजसेवी कमल किशोर अग्रवाल, चन्द्रमोहन सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर हुआ। कोविड-19 को बढ़ते प्रकोप को देखते हुए रक्तदान शिविर में कोविड प्रोटोकोल का सख्ती से पालन किया गया, हर बार रक्तदान के बाद बेड सेनीटाईज किया गया। रक्तदाताओं की मात्रा सिमित करने के उद्देश्य से नियमित रक्तदाताओं को ही शिविर में आमंत्रित किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार रखते हुए हिमालया स्टील मिल के श्री शशिधर सिंह ने कहा कि इतनी विपरीत परिस्थिति में भी रक्तदान शिविर का आयोजन करना दर्शाता है कि रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम किस प्रकार लोगों के दर्द को समझती है। उऩ्होने कहा कि उनकी कम्पनी रेड क्रॉस सोसाईटी को सामाजिक कार्यों में हर सम्भव सहयोग प्रदान करेगी। रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि रक्तदान की संख्या से ज्यादा महत्वपूर्ण उन लोगों के लिए रक्त जुटाने की चुनौती थी, जिनके सामने रक्त न मिलने के कारण जीवन का संकट था, उन्होने कहा कि आज के रक्तदान से अनेकों लोगों के जीवन में खुशियां फिर से लौटेगी। समाजसेवी व भारत विकास सेवा फाउण्डेशन के श्री कृष्णा भालोटिया ने कहा कि रक्तदान, सीधे जीवन से जुड़ा मामला है और ऐसे समय में रक्तदान करने वाले लोग आज के भगवान है। उन्होने सभी रक्तदाताओं के रक्तदान की सराहना की। समाजसेवी कमल किशोर अग्रवाल ने रेड क्रॉस के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर रेड क्रॉस के पेट्रन रवि सरावगी ने कहा कि दो दिनों बाद आयोजित रक्तदान शिविर में उनका परिवार संयोजन करेगा और आयोजन में सहभागिता निभायेंगे, उन्होने आह्वान किया कि जो रक्तदाता आज रक्तदान नहीं कर पायें है वे 10 मई को आयोजित रक्तदान शिविर में आकर रक्तदान करें। रक्तदान शिविर का संचालन कर रहे रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने शिविर के समापन के अवसर पर उन्होने रक्तदाताओं के हौसले को सराहा और कहा कि आज जब लोग अपनी जान के लिए घरों में बन्द है, वैसे में ये रक्तदाता दूसरों की जान बचाने के लिए रक्तदान करने आए, उन्होने रक्तदान शिविर के आयोजन से जुड़े रेड क्रॉस कार्यकर्ताओं के हौसले की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस वर्ष बिना रुके की थीम के साथ रेड क्रॉस सोसाईटी ने विश्व रेड क्रॉस दिवस का आयोजन किया था, आज कार्यकर्ताओं के दम से रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम ने फिर यह कर दिखाया है, उन्होने कहा कि विपरीत परिस्थिति में भी बिना रुके मानवता की सेवा के लक्ष्य को पूरा करना यही रेड क्रॉस सोसाईटी है। उन्होने 10 मई के रक्तदान शिविर में वैसे रक्तदाताओं से जुडने का आग्रह किया जो आज रक्तदान शिविर में शामिल नहीं हो सके। आज रक्तदान शिविर में सभी रक्तदाताओं को सम्मान स्वरूप रक्तदाता टी शर्ट प्रदान किया गया। रेड क्रॉस के कार्यसमिति सदस्य चन्द्रमोहन सिंह ने जमशेदपुर ब्लड बैंक सहित रक्तदान शिविर में सहयोग करने वाले सभी के प्रति आभार जताया।



