
jamshedpur
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच कोरोना संक्रमण से प्रभावित लोगों को बचाने के लिए कोरोना पर विजय पा चुके पांच लोगों जिसमें पचास बार रक्तदान करने वाले एवं पांचवी बार प्लाज्मा दान करने वाले विकास कुमार सिंह, तथा तीसरी बार प्लाज्मा डोनेट करने वाले रुपेश कुमार मिश्रा, डॉ. नैय्या सैनी, नरेन्द्र कुमार झा, कौशिक ने कोरोना पीड़ित लोगों की जीवन रक्षा के लिए कॉन्वाल्सेन्ट प्लाज्मा का दान किया। प्लाज्मा डोनर्स का उत्साह बढ़ाने के लिए जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी, जिला प्लाज्मा डोनेशन की नोडल पदाधिकारी परिक्ष्यमान उपसमाहर्ता स्मिता नगेसिया, रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के साथ प्लाज्मा डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह उपस्थित थे। उन्होने सभी प्लाज्मा दाताओं को स्मृति चिन्ह के साथ प्रमाणपत्र प्रदान किया तथा पीड़ित मानवता की सेवा के प्रति उनका आभार जताया।
8 मई को रेडक्रॉस में रक्तदान शिविर का आयोजन
8 मई विश्व रेड क्रॉस दिवस पर साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में इस वर्ष भी रक्तदान महायज्ञ का आयोजन ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए आयोजित किया गया है। कोरोना महामारी के बीच यह रक्तदान शिविर का आयोजन इसलिए महत्वपूर्ण है कि एक और जहां रक्तदान शिविरों का आयोजन बन्द है वहीं आने वाले दिनों में 18 से 45 वर्ष के युवाओं का वैक्सीनेशन होना है, जिसके कारण युवा वैक्सीनेशन के बाद 28 दिनों तक रक्तदान नहीं कर पायेंगे, ऐसे में रक्त की कमी के दोहरे मार से बचने के लिए इस रक्तदान शिविर के माध्यम से आवश्यक रक्त की मात्रा जरूरतमंद मरीजों के लिए जुटाने का प्रयास है। 8 मई को रक्तदान के लिए जहां रक्तदाताओं को मैसेज भेजा जा चुका है, वहीं रक्तदाताओं से आग्रह है कि जो रक्तदाता 8 मई को रक्तदान नहीं कर सकेंगे उनके लिए 10 मई को पुनः रेड क्रॉस भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जायेगा। 8 मई को साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में प्रातः 8 बजे से संध्या 5 बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन कोविड-19 नियमों के तहत होगा।

