
जमशेदपुर – जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले सरजामदा, बारीगोड़ा, राहरगोड़ा, गधड़ा, सहित आधा दर्जन बस्तियों में 3 दिन से पेयजल को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। आंधी पानी में बिजली की सप्लाई बाधित होने के कारण जलापूर्ति बंद है। जिसके कारण उपरोक्त बस्तियों में पेयजल की घोर किल्लत हो गई है। सप्लाई पानी पर निर्भर रहने वाले लोगों को अब दो दो किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। वह भी घंटों लाइन में लगने के बाद। पेयजल की सप्लाई बंद होने की जानकारी समाजिक सेवा संघ के संयोजक राजेश सामंत को होने के बाद उन्होंने पेयजल विभाग के कार्यपालक अभियंता अभय टोप्पो को इसकी जानकारी दी तथा सप्लाई जल्द शुरू कराने का आग्रह किया। कार्यपालक अभियंता ने उन्हें बताया कि आंधी बरसात से बिजली की खराबी के कारण सप्लाई पानी बंद है। बिजली को ठीक किया जा रहा है। बिजली सप्लाई बहाल होते हुए जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी।

