
जमशेदपुर। जिला के उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम श्री सूरज कुमार के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में चलाये जा रहे प्लाज्मा डोनेशन अभियान में कोरोना पर विजय प्राप्त करने वाले पांच योद्धाओं रोहित लकड़ा, राजा लकड़ा, विद्यापति ओझा, सन्नी मुखी तथा एस. देवगन ने आज यहां जमशेदपुर ब्लड बैंक में कोविड-19 मरीजों के लिए कोन्वॉल्सेन्ट प्लाज्मा का डोनेशन किया। सभी प्लाज्मा दाताओं का सम्मान प्लाज्मा डोनेशन की नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षु उपसमाहर्ता स्मिता नागेशिया, जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी, चिकित्सक डॉ. एल. बी. सिंह, डॉ.(श्रीमती) निर्जला, रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह तथा प्लाज्मा डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह ने प्रशस्ति पत्र तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया। जिला की प्लाज्मा डोनेशन कमिटी ने कोविड-19 के प्रभाव से मुक्त हो चुके युवाओं से आग्रह किया है कि वे आगे बढ़कर प्लाज्मा का दान करें ताकि कोविड-19 से लड़ रहे जरूरतमंद मरीजों को प्लाज्मा उपलब्ध करा उन्हें इस लड़ाई में विजयी बनाया जा सके।



