
JAMSHEDPUR


कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन काफी सतर्क है । उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी श्री सूरज कुमार ने कहा कि कोविड-19 के सेकेंड वेव का जो खतरा है वो पूरे देश में है । इसी क्रम में पूर्व सिंहभूम जिले में भी पिछले 7 दिनों में कोरोना संक्रमण में बढ़ोत्तरी हुई है, लगभग 100 की संख्या में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं, इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग एवं केन्द्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देश के अनुरुप मास्क चेकिंग अभियान एवं सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने को लेकर विशेष अभियान चलाया है जिसके तहत इंसीडेंट कमांडर एवं अन्य मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है । विभिन्न चेकनाका बनाए गए हैं तथा सुनिश्चित किया जा रहा है सभी चेक नाकों पर मास्क नहीं पहनने वालों की चेकिंग हो साथ ही साथ भीड़ भाड़ वाले इलाकों जहां सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन अक्सर होता है वहां धावा दल जाए । रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड में विशेष निगरानी रखी जा रही है । रोड में बिना मास्क पहने व्यक्ति पकड़े जा रहे हैं उनका कोरोना जांच किया जा रहा है ताकि कोरोना संक्रमण के प्रसार पर रोकथाम लगाया जा सके ।
उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि कोरोना संक्रमितो के इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल में 300 बेड तैयार हैं जिसमें 36 सीसीयू बैड हैं । टाटा मोटर्स हॉस्पिटल में 30 बेड उपलब्ध हैं तथा 50 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की जा रही है वहीं एमजीएम में 110 बेड उपलब्ध है । साथ ही साथ अन्य निजी अस्पतालों में जो बिना लक्षण वाले मरीज हैं तथा जिनके घर में आइसोलेशन की सुविधा नहीं है उनलोगों के लिए कोविड केयर सेंटर की स्थापना की जा रही है, 30 अप्रैल तक जिले में 1200 आइसोलेशन बेड उपलब्ध हो जाएंगे । इसके अतिरिक्त प्रत्येक प्रखंडों में 50 आइसोलेशन बेड बनाये गए हैं, साथ ही साथ सभी सीएचसी में ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था सुनिश्चित करा रहे हैं ।
उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण के रोकथाम में टीकाकरण काफी महत्वपूर्ण जिसको लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है । उन्होने कहा कि 45 वर्ष से उपर के लोगों का टीकाकरण सफलतापूर्वक सरकारी तथा 27 निजी अस्पताल में संचालित किया जा रहा है । उन्होने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने नजदीकी टीकाकरण केन्द्र में जाकर अवश्य टीकाकरण करायें ताकि पूर्वी सिंहभूम जिला जल्द से जल्द कोरोना संक्रमण से मुक्त हो सके ।

