
जमशेदपुर।


उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रविशंकर शुक्ला के निर्देशानुसार जिले के सभी अंतरराज्यीय एवं अंतर जिला चेक पोस्ट पर कड़ाई से आगंतुकों की चेकिंग की जा रही है। राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में दूसरे राज्यों के आगंतुकों को बिना वाहन पास जिले में एंट्री की मनाही है। इसी क्रम में आज अपर जिला दण्डाधिकारी श्री नंदकिशोर लाल द्वारा पटमदा प्रखंड अंतर्गत कमलपुर चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि चेक पोस्ट पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल दूसरे राज्यों या अन्य जिलों से आने वाले प्रत्येक आगंतुक की कड़ाई से निगरानी करें साथ ही उनके निर्गत पासों की भी जाँच करें। बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूर्ण बायोडाटा यथा नाम, पता, मोबाइल नम्बर जरूर पंजी में दर्ज करें। साथ ही उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों को होम क्वारन्टीन के संबंध में भी जरूरी दिशा निर्देशों से अवगत कराएं।
अपर जिला दण्डाधिकारी(विधि-व्यवस्था) ने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों के कारण कोरोना का दुष्प्रभाव बढ़ सकता है, इसलिए एहतियातन बाहर से आने वाले लोगों का चेक पोस्ट पर ही प्राथमिक जांच जरूरी है। उन्होंने सख्त हिदायत दिया कि प्रत्येक व्यक्ति एवं गाड़ी का बायोडाटा तैयार करें साथ ही थर्मल स्कैनर से प्राथमिक जांच सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री शंकराचार्य समद, सीआई तथा अन्य पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस कर्मी एवं अन्य उपस्थित थे।

