
जमशेदपुर।


जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज में शनिवार को प्राचार्या प्रो. (डॉ.) शुक्ला महांती ने बॉटनी विभाग की छात्राओं से गूगल मीट के जरिए बातचीत की। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अभी तक महाविद्यालय के अलग-अलग विभागों की जितनी भी छात्राओं से उन्होंने ऑनलाइन बात की है, उसके उत्साहजनक रिस्पांस मिले हैं। छात्राएँ अपने-आप को मानसिक रूप से मजबूत बना रही हैं साथ ही साथ अपने घर-परिवार के आसपास भी सकारात्मक माहौल बनाने में योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि हम छात्रा या शिक्षक व शिक्षिका होने के अलावा नागरिक भी हैं। इसलिए हमारी हर गतिविधि से एक स्वस्थ नागरिक समाज बनाने में मदद मिलती है। हम जितने मजबूत होंगे, उतना ही हमारा समाज, उतना ही हमारा राष्ट्र मजबूत होगा। इसलिए नए हो रहे बदलाव के लिए हमें तैयार रहना चाहिए। पलायन या पश्चाताप उचित नहीं है। चुनौतियों का सामना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने टेस्टमोज सॉफ्टवेयर पर मॉक टेस्ट दिया है। इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। फिर भी वाले दिनों में किसी भी तरह की कोई भी समस्या हो तो, जारी की गई ईमेल आईडी या कार्यालय के फोन पर बातचीत कर सकती हैं। इस दौरान वनस्पति विज्ञान विभाग की छात्राओं के अलावा विभागाध्यक्ष डॉ सलोमी कुजूर सहित सभी विभागीय सदस्य ऑनलाइन जुड़े रहे।

