
जमशेदपुर।


बागबेड़ा के रामनगर स्थित रोड नंबर 1 में चल रहे तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के दूसरे दिन पंचमुखी हनुमानजी और श्रीराम दरबार की प्रतिमाओं संग श्रद्धालुओं ने नगर भ्रमण किया। इस दौरान सैकडों महिलाएं और बच्चों सहित श्रीराम भक्त मास्क का प्रयोग करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करते हुए शामिल हुए। मंगलवार शाम पांच बजे मंदिर परिसर से नगर भ्रमण प्रारंभ हुआ जो बागबेड़ा के विभिन्न मंदिरों से होते हुए गुजरी। नगर भ्रमण बड़ा बजरंगबली मंदिर होती हुई काली मंदिर, माईं दरबार, शिव मंदिर रोड नंबर चार, कृष्णापुरी कृष्ण मंदिर, बुढ़वा शिव मंदिर के बाद सूर्य मंदिर और अंत में गायत्री मंदिर होती हुई यज्ञ स्थल पहुंचकर संपन्न हुई। नगर भ्रमण में काफ़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में धर्म पताका लिए सम्मिलित हुए। इस दौरान नाशै रोग हरे सब पीरा जपत निरंतर हनुमत बीरा और जयश्रीराम के जयकारों से समूचा क्षेत्र गुंजायमान रहा। यात्रा का जगह जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। नगर भ्रमण के पश्चात यज्ञ स्थल पर महाआरती हुई। आरती और भोग के उपरांत बजरंगबली और भगवान को विश्राम कराया गया। भगवान के विश्राम और शयन के लिए उसके लिये पलंग, गदा, तकिया चादर और ओढ़ने का चादर बनवाया गया है। यजमान रमेश ओझा ने बताया कि बुधवार को प्रतिमाओं का प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी और शाम में श्रद्धालुओं के मध्य महाप्रसाद का वितरण होगा। शोभा यात्रा को सफल बनाने में माई दरबार सेवा संघ और पंचमुखी हनुमान मंदिर के पवन ओझा, अविनाश सिंह, अभिषेक ओझा, धनंजय सिंह, संदीप सिंह, संतोष ठाकुर, गौरव सिंह, विशाल सिंह, राहुल कुमार,सन्नी झा, रोहन सिंह, रवि सिंह, अमन तिवारी, पुष्पेंद्र, प्रशांत पांडे, संदीप चौधरी, विकास चौधरी, टिंकू कुमार, शुभम पांडे ,विनय पांडे, चंदन कुमार, संजय, कौशल सिंह ,शैलेंद्र कुमार, टूना, रहीस समेत अन्य मौजूद थे।

