
कैंसर को मात देने के लिए गांव में भी जागरुकता फैलाने की पहल करेगा रोटरी क्लब
जमशेदपुर। रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट एवं मेहरबाई टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल (एमटीएमएच) द्धारा संयुक्त रूप से ओरल (मुंह-गला), और ब्रेस्ट (स्तन) कैंसर के लिए निःशुल्क स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया गया, जिसमें 80 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गयी। इनमें से 10 लोगों में शुरुआती लक्षण पाये गये। इन रोगियों को आगे के परीक्षण के लिए पुनः एमटीएमएच में बुलाया गया है। मौके पर एमटीएमएच के डॉक्टरों ने कहा कि कैंसर, विशेष रूप से मुंह कैंसर की बढ़ती घटनाओं के साथ, शुरुआती बीमारी का पता लगाना महत्वपूर्ण है ताकि उपचार प्रभावी हो सके। कैंसर ठीक हो सकता है, अगर सही समय पर इसका पता चल जाए, इसलिए कैंसर की शंका होने पर ज्यादा सावधान रहकर डॉक्टर से परामर्श लेना और उनकी सलाह अनुसार स्क्रीनिंग कराने की आवश्यकता है। रोटरी क्लब के अधिकारियों ने कहा कि इसे मात देने के लिए काफी जागरुकता फैलाने की जरूरत हैं। कैंसर रोगियों के आंकड़े बदले जा सकते हैं, अगर लोग जागरूक रहें और शंका होने पर स्क्रीनिंग कराने से ना घबराएं। रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट इस पहल को अपने गोद लिए गए गांवों के लिए भी आगे ले जाएगा।
मौके पर प्रमुख रूप से एमटीएमएच के डॉ. अभिषेक ठाकुर, अमिताभ चटर्जी, डॉ. एन.ए. खान, डॉ. शैला पॉल, डॉ. बर्मन और डॉ. स्नेहा समेत रोटरी क्लब की अध्यक्ष अंजनि निधि, डॉ. के एम गांधी, डॉ. अमित मुखर्जी, अभिजीत मित्रा, राजीव तलवार, नीता अग्रवाल, गुरप्रीत कौर, स्नेहलता हरलालका, उमा महेंद्र और डॉ. सुजाता मित्रा उपस्थित थे।


