
पीएम नरेंद्र मोदी ने 51,000 से अधिक युवाओं को दिया रोजगार
नागपुर। भारत सरकार के रोजगार सृजन अभियान के अंतर्गत रोजगार मेले के 19वें चरण का आयोजन शनिवार को नागपुर के नेशनल फायर सर्विस कॉलेज (एनएफएससी) ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशभर के विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 51,000 से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। अपने संबोधन में नरेंद्र मोदी ने युवाओं को ईमानदारी, समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
देश के 47 स्थलों पर आयोजित हुआ 19वां रोजगार मेला
यह रोजगार मेला युवाओं को सशक्त बनाने और रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। देशभर में कुल 47 स्थानों पर इस मेले का आयोजन एक साथ किया गया। इसके माध्यम से रेलवे, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय सहित विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में बड़े पैमाने पर नियुक्तियाँ प्रदान की गईं।
नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने की शिरकत
नागपुर में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर स्थानीय कार्यक्रम की शुरुआत की। अपने संबोधन में नितिन गडकरी ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। रोजगार मेला युवाओं को पारदर्शी और त्वरित नियुक्ति प्रक्रिया से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को पूर्ण निष्ठा के साथ जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
नागपुर मंडल रेलवे से 198 अभ्यर्थियों का चयन
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: सिंहभूम चैम्बर और यंग इंडियन के रोजगार मेले में 65 दिव्यांग युवाओं को मिली नौकरी
इस मेले के अंतर्गत नागपुर में विभिन्न केंद्रीय विभागों के लिए चयनित कुल 305 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इसमें अकेले दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) नागपुर मंडल से 198 अभ्यर्थी शामिल हैं। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं में भारी उत्साह देखा गया। इस दौरान नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता, अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी एच. के. छोरिया सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में एच. के. छोरिया द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।



