
पटना।
भागलपुर के पास गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु पर यातायात बाधित होने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को देखते हुए और गंगा के दोनों छोर पर रहने वाले यात्रियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्व मध्य रेलवे (हाजीपुर) ने एक बड़ा निर्णय लिया है। रेलवे द्वारा मुंगेर रेल पुल के रास्ते सरायगढ़ और देवघर के मध्य एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन (05573/05574 सरायगढ़-देवघर-सरायगढ़ स्पेशल) चलाने की घोषणा की गई है।
इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी स्पेशल ट्रेन
यह नई स्पेशल ट्रेन मुंगेर रेल पुल का उपयोग करते हुए कई महत्वपूर्ण स्टेशनों को जोड़ेगी। रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह ट्रेन सुपौल, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, सबदलपुर, मुंगेर, सुलतानगंज, भागलपुर और बांका के रास्ते परिचालित की जाएगी। इससे कोसी, सीमांचल और पूर्व बिहार के यात्रियों को बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) जाने में काफी सहूलियत होगी।
गाड़ी सं. 05573 सरायगढ़-देवघर स्पेशल की टाइमिंग
गाड़ी सं. 05573 सरायगढ़-देवघर स्पेशल 07.05.2026 से 31.05.2026 तक प्रतिदिन सरायगढ़ से 03.05 बजे खुलकर 03.38 बजे सुपौल, 04.30 बजे सहरसा, 05.00 बजे सिमरी बख्तियारपुर, 05.50 बजे मानसी, 06.00 बजे खगड़िया, 06.18 बजे सबदलपुर, 06.40 बजे मुंगेर, 07.48 बजे सुलतानगंज, 08.30 बजे भागलपुर रूकते हुए 11.20 बजे देवघर पहुंचेगी ।
READ MORE :Indian Railways :“ऑपरेशन रेल प्रहरी” में बड़ी सफलता,19.44 लाख चोरी के दो आरोपी गोंदिया में गिरफ्तार
गाड़ी सं. 05574 देवघर-सरायगढ़ स्पेशल की टाइमिंग
वापसी में गाड़ी सं. 05574 देवघर-सरायगढ़ स्पेशल 07.05.2026 से 31.05.2026 तक प्रतिदिन देवघर से 11.35 बजे खुलकर 14.20 बजे भागलपुर, 14.55 बजे सुलतानगंज, 16.25 बजे मुंगेर, 17.25 बजे सबदलपुर, 17.50 बजे खगड़िया, 18.16 बजे मानसी, 18.53 बजे सिमरी बख्तियारपुर, 20.40 बजे सहरसा, 21.26 बजे सुपौल रूकते हुए 22.15 बजे सरायगढ़ पहुंचेगी ।
इस स्पेशल ट्रेन के परिचालन से न केवल विक्रमशिला सेतु के यातायात दबाव से परेशान लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों के लिए भी एक बेहतरीन और सुरक्षित विकल्प उपलब्ध होगा। 


