
जमशेदपुर।


: जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह ‘आदिवासी सेंगेल अभियान’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सालखन मुर्मू (पूर्व सांसद) व उनके कार्यकर्ताओं को जान से मारने की धमकी देने मामले में अबतक कोई कार्रवाई नही होने पर जदयू कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के समीप सांकेतिक धरना दिया. इसके उपरांत उपायुक्त के माध्यम से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नाम ज्ञापन सौंपा गया.
ज्ञापन में जिक्र है कि ओड़िशा के जाजपुर में रहनेवाले रमेश सोरेन ने एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से उपरोक्त धमकी दी है. इस संदर्भ में गत 28 सितंबर को कदमा थाना में एक शिकायत की गई है. आशंका जताई गई है कि धमकी देनेवाले के पीछे नक्सलवादी तत्वों का हाथ हो सकता है. उस वीडियो में झारखंड मुक्ति मोर्चा नेताओं के समर्थन का भी जिक्र है. उसके वक्तव्य से भाजपा-जदयू के बीच झारखंड में संभावित गठबंधन पर आपत्ति जताई गई है,-जिसका संदर्भ दुमका उपचुनाव भी हो सकता है. इसलिए मांग की गई कि हत्या की बात करनेवाले व्यक्ति तथा उनके सहयोगियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कार्रवाई और मुकदमा चलाकर उन्हें दंडित किया जाए.
धरना देनेवालों में सालखन मुर्मू के अलावा योगेश शर्मा, अंजलि सिंह, कौशल कुमार, परमजीत कुमार श्रीवास्तव, अमित कुमार, उदय शंकर झा, सीताराम रवानी, हेमशिला मुर्मू, जूनियर सालखन मुर्मू, विनोद कुमार मिश्रा, मंगलवारी, संजू कुमारी, अरुण सिंह, आशीष कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.

