आदित्यपुर। एनआईटी कैंपस, आदित्यपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय वार्षिक पुस्तक मेले का आयोजन किया गया है। मेले में साहित्य, विज्ञान, जीवनियों, साहसिक कहानियों, सामान्य ज्ञान और विभिन्न शैक्षिक विषयों पर आधारित पुस्तकों की आकर्षक श्रृंखला विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को पुस्तकों की दुनिया से जुड़ने और अपने ज्ञान का विस्तार करने का अवसर मिल रहा है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: धनतेरस पर सुरक्षा को लेकर सड़क पर उतरे एसएसपी, बाइक से किया शहर का निरीक्षण
पुस्तक मेले का विधिवत उद्घाटन विद्यालय की प्राचार्य सह डीएवी पब्लिक स्कूल, झारखंड जोन-एल की क्षेत्रीय सहायक अधिकारी रेखा कुमारी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि पुस्तकें विद्यार्थियों की वास्तविक मित्र और उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। नियमित पुस्तक पठन से केवल ज्ञान में वृद्धि नहीं होती, बल्कि चिंतन शक्ति, रचनात्मकता और जीवन मूल्यों का भी विकास होता है।
मेले में विभिन्न विषयों की पुस्तकों की उपलब्धता विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुरूप साहित्य चुनने का अवसर प्रदान कर रही है। खासकर विज्ञान, सामान्य ज्ञान, प्रेरणादायक जीवनियां और साहसिक कहानियां विद्यार्थियों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस तरह के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करना, पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाना और उनके सर्वांगीण बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करना है।

